टी20 क्रिकेट फटाफट क्रिकेट का पर्याय माना जाता है। बॉलर्स की गेंदों की धुनाई करने बल्लेबाजों को फैंस खासा पसंद करते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में भी पारंपरिक तरीके और तकनीक से ज्यादा महत्व बड़े शॉट लगाने वाले बैट्समैन को दिया जाता है। आईपीएल ऑक्शन के दौरान हर टीम ऐसे बल्लेबाजों पर दांव लगाना पसंद करती है। हालांकि, इन सबके बीच आईपीएल में कुछ बल्लेबाज भी हैं, जिनके नाम धीमा शतक जड़ने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज है। इस सूची के टॉप-5 में विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं। यहां हम ऐसे ही टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में जानेंगे।

आईपीएल में सबसे धीमा शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर मनीष पांडे हैं। मनीष पांडे ने आईपीएल के दूसरे सीजन में 21 मई 2009 को रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 67 गेंद में शतक पूरा किया था। आईपीएल के इतिहास में यह सबसे ज्यादा गेंद में बनाया गया शतक है। खास यह है कि इस सेंचुरी की बदौलत कर्नाटक के इस टॉप ऑर्डर बैट्समैन ने आईपीएल में शतक लगाने वाले पहला भारतीय होने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

दो बल्लेबाजों के नाम दर्ज है यह अनचाहा रिकॉर्ड

दूसरे नंबर पर दो बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और डेविड वार्नर हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन ने 15 अप्रैल 2011 को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए कोच्चि टस्कर्स केरला के खिलाफ 66 गेंद में शतक लगाया था। सचिन मुंबई इंडियंस की ओर से शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उनसे पहले 14 मई 2008 को सनत जयसूर्या ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 45 गेंद में शतक ठोक दिया था। सचिन और जयसूर्या के अलावा मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और लेंडल सिमंस ही शतक लगा पाए हैं।

डेविड वार्नर सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान हैं। हालांकि, वार्नर ने यह अनचाहा रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) की ओर से खेलते हुए बनाया था। वार्नर ने 29 मार्च 2010 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में 66 गेंद में शतक लगाया था। वार्नर ने उस मैच में 9 चौके और 5 छक्के लगाए थे। डेविड वार्नर आईपीएल में अब तक 4 शतक लगा चुके हैं।

इस सूची में तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन हैं। पीटरसन ने 19 अप्रैल 2012 को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 64 गेंद में शतक लगाया था। उस मैच में पीटरसन ने 9 छक्के और 6 चौके लगाए थे।

चौथे नंबर पर संयुक्त रूप से विराट कोहली और केएल राहुल हैं। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के कप्तान कोहली ने 24 अप्रैल 2016 को सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में गुजरात लायंस के खिलाफ मैच में 63 गेंद में शतक लगाया था। कोहली ने उस मैच में एक छक्का और 11 चौके लगाए थे। पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल ने 10 अप्रैल 2019 को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 63 गेंद में शतक ठोका था। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 छक्के और इतने ही चौके लगाए थे।

पांचवें नंबर पर है राहुल, रायुडू और सैमसन का कब्जा

इस मामले में पांचवें नंबर पर भी संयुक्त रूप से तीन बल्लेबाज केएल राहुल, अंबाती रायुडू और संजू सैमसन हैं। रायुडू ने 13 मई 2018 को चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हुए पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 62 गेंद में शतक लगाया था। रायुडू ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और इतने ही छक्के मारे थे। संजू सैमसन इस समय राजस्थान रॉयल्स के कप्तान हैं। हालांकि, उन्होंने यह रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए लगाया था।

संजू सैमसन ने 11 अप्रैल 2017 को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट के खिलाफ 62 गेंद में शतक लगाया था। सैमसन ने उस मैच में 5 छक्के और 8 चौके लगाए थे। राहुल ने आईपीएल 2020 में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 62 गेंद में शतक लगाया था। राहुल ने उस मैच में 7 छक्के और 14 चौके लगाए थे। राहुल आईपीएल 2020 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने थे।