इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2021 के शुरू होने में अब 10 दिन ही शेष रह गए हैं। लगभग सभी टीमों के ट्रेनिंग कैंप शुरू हो गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) का ट्रेनिंग कैंप भी शुरू हो चुका है। माही टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ जमकर पसीना बहा रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का भी ट्रेनिंग कैंप शुरू हो चुका है। आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स की कमान ऋषभ पंत संभालेंगे। कप्तान श्रेयस अय्यर के पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पंत को टीम की कमान सौंपने का फैसला लिया है। इस बीच स्टार स्पोर्टस इंडिया (Star Sports India) ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो (Video) शेयर किए हैं। एक में महेंद्र सिंह धोनी गुरु मंत्र देते दिख रहे हैं। वहीं दूसरे में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) अपना मंत्र बताते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एमएस धोनी (MS Dhoni) कह रहे हैं, ‘कड़ी मेहनत करेंगे लेकिन होशियारी से। ये इंडिया का अपना मंत्रा है।’ इस वीडियो के कैप्शन में स्टार स्पोर्ट्स इंडिया ने लिखा है, ‘क्या महेंद्र सिंह धोनी का मंत्र इंडिया का अपना मंत्र में तब्दील होगा और चेन्नई सुपरकिंग्स को चौथी बार आईपीएल का चैंपियन बना पाएगा?’ धोनी अगुआई में चेन्नई सुपरकिंग्स तीन बार (2010, 2011 और 2018) खिताब जीत चुकी है। वह आईपीएल 2020 को छोड़कर हर बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में भी सफल रही थी।
IPL 2021: दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को बनाया कप्तान, 18 गेंद में ठोक चुके हैं फिफ्टी
एक अन्य वीडियो में दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ बल्लेबाज ऋषभ पंत कह रहे हैं, ‘पुराना क्यूं देखें, अपने एक्सपीरियंस खुद बनाएंगे। ये इंडिया का अपना मंत्रा है।’ वीडियो के कैप्शन में स्टार स्पोर्ट्स इंडिया ने लिखा है, ‘क्या यह इंडिया का अपना मंत्र आईपीएल (IPL) 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के काम आएगा?’
बता दें कि श्रेयस अय्यर की अगुआई में दिल्ली कैपिटल्स ने पहली बार साल 2020 में आईपीएल का फाइनल खेला था। इस बार श्रेयस अय्यर कोहनी खिसक जाने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत को टीम की कमान दी गई है। भारतीय क्रिकेट टेस्ट टीम के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि यदि पंत को दिल्ली का कप्तान बनाया गया तो टीम फाइनल जीत जाएगी।