इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के लिए नीलामी हो चुकी है। फ्रैंचाइजीस ने 18 फरवरी को चेन्नई में हुई नीलामी में 145 करोड़ 30 लाख रुपए में 57 खिलाड़ी खरीदे। इनमें 22 विदेशी और 35 भारतीय हैं। फ्रैंचाइजीस ने इनमें से 10 सबसे ज्यादा महंगे खिलाड़ियों पर ही 99.25 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। महंगे खिलाड़ियों को खरीदने के मामले में प्रीति जिंटा के सह-मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स पहले नंबर पर रही।
पंजाब किंग्स ने 10 सबसे महंगे खिलाड़ियों में से तीन को अपने नाम किया। वहीं, शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स ने टॉप-10 महंगे खिलाड़ियों में से एक को भी नहीं खरीदा। उसने सबसे बड़ा दांव बांग्लादेश के पू्र्व कप्तान शाकिब अल हसन पर लगाया। उसने ऑलराउंडर शाकिब को 3.20 करोड़ रुपए में खरीदा। हालांकि, शाकिब टॉप-10 महंगे खिलाड़ियों की सूची से बाहर हैं। सबसे ज्यादा किसी एक खिलाड़ी पर पैसा खर्च करने की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स पहले नंबर पर रही। उसने दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस को 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा।
इतनी बड़ी बोली में बिकने के कारण क्रिस मॉरिस ने युवराज सिंह का 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मॉरिस आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे ज्यादा मंहगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए। मॉरिस का आधार मूल्य (बेस प्राइस) 75 लाख रुपए था। उनके लिए शुरू में 4 टीमों ने बोली लगाई। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच उन्हें लेने के लिए होड़ लगी रही। अंत में राजस्थान रॉयल्स ने रिकॉर्ड बोली में उन्हें खरीद लिया। युवराज सिंह को दिल्ली कैपिटल्स ने 2015 में 16 करोड़ रुपए में खरीदा था।
A new high set at the #IPL2021Auction!
Read more: https://t.co/6RcUGqfIbN pic.twitter.com/xuPx7cS2hg
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) February 18, 2021
ये हैं आईपीएल 2021 के लिए हुई नीलामी में सबसे ज्यादा महंगे बिके शीर्ष 10 खिलाड़ी
टीमें | खिलाड़ी | कीमत (रुपए में) |
राजस्थान रॉयल्स | क्रिस मॉरिस (ऑल-राउंडर) | 16.25 करोड़ |
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | काइल जैमीसन (ऑल-राउंडर) | 15 करोड़ |
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | ग्लेन मैक्सवेल (ऑल-राउंडर) | 14.25 करोड़ |
पंजाब किंग | झाए रिचर्डसन (गेंदबाज) | 14 करोड़ |
चेन्नई सुपर किंग्स | कृष्णप्पा गौतम (ऑल-राउंडर) | 9.25 करोड़ |
पंजाब किंग्स | रिले मेरेडिथ (गेंदबाज) | 8 करोड़ |
चेन्नई सुपर किंग्स | मोइन अली (ऑल-राउंडर) | 7 करोड़ |
पंजाब किंग्स | शाहरुख खान (ऑल-राउंडर) | 5.25 करोड़ |
दिल्ली कैपिटल्स | टॉम करन (ऑल-राउंडर) | 5.25 करोड़ |
मुंबई इंडियंस | नाथन कूल्टर नाइल (गेंदबाज) | 5 करोड़ |