आईपीएल के पहले मुकाबले में शनिवार (19 सितंबर) को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आमने-सामने होगी। इस मैच के लेकर फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों में काफी उत्साह है। भारतीय टीम के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा कि मुंबई इंडियंस की टीम किसी भी तरह चेन्नई सुपरकिंग्स को हराने में सफल रहती है। उन्होंने कहा कि इस मैच में रोहित शर्मा के सामने चेन्नई के लेग स्पिनर चुनौती पेश कर सकती हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह चेन्नई के बल्लेबाजों का टेस्ट ले सकते हैं।

आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस इकलौती टीम है जिसके जीत का प्रतिशत चेन्नई के खिलाफ ज्यादा है। पिछले साल मुंबई इंडियंस चेन्नई के ऊपर पूरी तरह से हावी रही थी। सभी चार मैच जीते थे। दूसरी ओर, चेन्नई की टीम में निरंतरता है। वह हर बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंची है। वहीं, मुंबई की टीम में उतार-चढ़ाव रहा है। अबुधाबी में चेन्नई की टीम को मदद मिलेगी, लेकिन आंकड़े मुंबई के पक्ष में हैं। महेंद्र सिंह धोनी को लेकर सभी उत्साहित हैं। इंडिया का मैच अगर होता तो हम उन्हें नहीं देख सकते। लेकिन अब उन्हें हर कोई देखना चाहता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। हो सकता है कि वो धीमी शुरुआत करें, लेकिन ये धोनी है तो तेज भी खेल सकते हैं। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा कैम्प लगवाए हैं।’’

आकाश ने आगे कहा, ‘‘पिच पहले दिन स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं करेगी। तेज गेंदबाजों को थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है। यहां चौके-छक्के आसानी से नहीं लगेंगे। बुमराह का एक्शन चेन्नई के बल्लेबाजों का टेस्ट लेगा। क्योंकि चेन्नई के खिलाड़ी लंबे समय से नहीं खेले हैं। ऐसे में आपको सेट होने में समय लगता है। बुमराह चेन्नई के शेन वॉटसन और अंबाती रायुडू को परेशान कर सकते हैं। धोनी के लिए रोहित उनके एक या दो ओवर बचा कर रख सकते हैं। ऐसे में बुमराह खतरनाक साबित हो सकते हैं।’’

आकाश ने कहा, ‘‘दोनों टीमों की प्लान की बात करें तो मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा को ओपनिंग करनी चाहिए। उनके साथ क्विंटन डीकॉक आएंगे। फिर सूर्यकुमार यादव उतरेंगे। कीरोन पोलार्ड को ज्यादा ओवर बल्लेबाजी करने के लिए भेजना चाहिए। क्योंकि उन्होंने सीपीएल में ज्यादा रन बनाए हैं। चेन्नई की बात करें तो रविंद्र जडेजा को ऊपर भेजना चाहिए। शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज नहीं हैं। जडेजा बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। धोनी को भी ऊपर उतरना चाहिए। रोहित शर्मा के सामने धोनी लेग स्पिनर को भेज सकते हैं। ऐसे में रोहित और लेग स्पिनर के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है।’’

ref=”https://www.jansatta.com/khel/”>