राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के 45वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में उसने 196 रन के विशाल लक्ष्य को हासिल कर लिया। राजस्थान आईपीएल इतिहास में मुंबई के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने वाली टीम बन गई है। 18.2 ओवर में 2 विकेट मैच अपने नाम कर लिया। राजस्थान ने मुंबई के खिलाफ सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करने के मामले में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

दिल्ली की टीम ने 2018 में वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ 195 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। इस मामले में तीसरे स्थान पर राजस्थान ही है। उसने 2019 में वानखेड़े में ही 188 रन बना लिए थे। चौथे पायदान पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की टीम है। उसने 2017 में पुणे के मैदान पर मुंबई के खिलाफ 185 रन बना लिए थे। मुंबई ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बनाए। उसके लिए हार्दिक पंड्या ने 21 गेंद पर नाबाद 60 रन बनाए।

राजस्थान ने बेन स्टोक्स के शतकीय पारी की बदौलत जीत हासिल कर ली। वे आईपीएल इतिहास में शतक लगाकर दो बार रन चेज करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। स्टोक्स के अलावा 16 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए एक-एक शतक लगाया है। राजस्थान के इस खिलाड़ी ने इससे पहले पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेलते हुए गुजरात लायंस के खिलाफ शतक लगाया था। तब टीम एक गेंद शेष रहते हुए मैच जीती थी।

दूसरी ओर, मैच में संजू सैमसन ने 31 बॉल पर 54 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 4 चौके जड़े। इसी के साथ सैमसन सीजन में सबसे ज्यादा 23 छक्के लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। उनके बाद निकोलस पूरन का नंबर है, जिन्होंने 22 छक्के जड़े हैं। ईशान किशन और केएल राहुल ने 20-20 छक्के लगाए हैं। किशन तीसरे और राहुल चौथे नंबर पर हैं। आरसीबी के विस्फोटक बल्लेबाज एबी डिविलियर्स 19 छक्कों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।