आईपीएल के 13वें सीजन में 54 मुकाबले हो चुके हैं। लीग स्टेज में दो मैच हैं। अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस के अलावा और कौन सी टीम जा रही है। टूर्नामेंट के 53वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर उसे बाहर कर दिया। चेन्नई खुद भी बाहर हो चुकी है। इसके बाद 54वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स पर 60 रनों की बड़ी जीत हासिल की। मैच हारकर राजस्थान की टीम बाहर हो गई तो कोलकाता टॉप-4 में पहुंच गई।
टॉप-4 में पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि कोलकाता की टीम प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। अभी टूर्नामेंट में दो मैच बाकी हैं। उससे यह फैसला होगा कि वह आगे जाएगी या नहीं। टूर्नामेंट का 55वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के बीच खेला जाएगा। आरसीबी दूसरे और दिल्ली तीसरे स्थान पर है, लेकिन दोनों का रनरेट कोलकाता से थोड़ा ज्यादा है। अगर 20-30 रन से या 5-6 विकेट से किसी को हार मिलती है तो वह कोलकाता से नीचे हो जाएगी।
ऐसे में यह मुकाबला आरसीबी और दिल्ली के लिए क्वार्टरफाइनल की तरह बन चुका है, जो टीम जीतेगी वह आगे जाएगी। कम से कम दोनों टीमें यह भी चाहेगी कि मैच में हार का अंतर बहुत कम हो। दूसरी ओर, सनराइजर्स की बात करें तो वह पांचवें पायदान पर है, लेकिन केकेआर से रनरेट में आगे है। अगर उसने मुंबई को लीग राउंड के आखिरी मुकाबले में हरा दिया तो वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। दिल्ली और आरसीबी के बीच होने वाले मैच से सबकुछ साफ हो जाएगा।
अंकतालिका में टीमों की स्थिति (2 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
क्रम | टीम | मैच | जीते | हारे | बेनतीजा | पॉइंट | नेट रनरेट |
1 | मुंबई इंडियंस | 12 | 8 | 4 | 0 | 16 | +1.186 |
2 | रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर | 13 | 7 | 6 | 0 | 14 | -0.145 |
3 | दिल्ली कैपिटल्स | 13 | 7 | 6 | 0 | 14 | -0.159 |
4 | कोलकाता नाइटराइडर्स | 14 | 7 | 7 | 0 | 14 | -0.214 |
5 | सनराइजर्स हैदराबाद | 13 | 6 | 7 | 0 | 12 | +0.555 |
6 | किंग्स इलेवन पंजाब</td> | 14 | 6 | 8 | 0 | 12 | -0.162 |
7 | चेन्नई सुपरकिंग्स | 14 | 6 | 8 | 0 | 12 | -0.455 |
8 | राजस्थान रॉयल्स | 14 | 6 | 8 | 0 | 12 | -0.569 |
ऑरेंज कैप की बात करें तो रविवार (1 नवंबर) को हुए दो मुकाबलों के बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल टॉप-5 से बाहर हो गए। फाफ डुप्लेसिस और शुभमन गिल की एंट्री हुई है। डुप्लेसिस ने 13 मैच में 449 रन बनाकर टूर्नामेंट का अंत किया। वे फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। शुभमन गिल के 14 मैच में 440 रन हैं और वे पांचवें पायदान पर हैं। केएल राहुल ने 14 मैच में 670 रन बनाकर टूर्नामेंट का अंत किया। वे पहले पायदान पर हैं। अन्य खिलाड़ियों के मुकाबले उनके रन बहुत ज्यादा है और वे ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।
टॉप-5 बल्लेबाज (2 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
क्रम | बल्लेबाज | टीम | मैच | रन | हाइएस्ट | स्ट्राइक रेट |
1 | केएल राहुल | पंजाब | 14 | 670 | 132* | 129.34 |
2 | शिखर धवन | दिल्ली | 13 | 471 | 106* | 146.72 |
3 | फाफ डुप्लेसिस | चेन्नई | 14 | 449 | 87* | 140.75 |
4 | डेविड वॉर्नर | हैदराबाद | 13 | 444 | 66 | 134.95 |
5 | शुभमन गिल | कोलकाता | 14 | 440 | 70* | 117.96 |
पर्पल कैप की बात करें टॉप-5 गेंदबाजों की लिस्ट से मोहम्मद शमी बाहर हो गए। उन्होंने 14 मैच में 20 विकेट लेकर टूर्नामेंट में अपना सफर खत्म किया। जोफ्रा आर्चर ने भी 20 विकेट लेकर सफर खत्म किया, लेकिन इकॉनमी रेट में वो शमी से बेहतर हैं। आर्चर 6.55 इकॉनमी रेट के साथ चौथे स्थान पर हैं। युजवेंद्र चहल 7.15 की इकॉनमी से 20 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं। शमी की इकॉनमी रेट 8.57 है और वे फिलहाल छठे नंबर पर हैं। पहले पायदान पर जसप्रीत बुमराह बने हुए हैं।
टॉप-5 गेंदबाज (2 नवंबर 2020, सुबह 10:00 बजे तक)
क्रम | गेंदबाज | टीम | मैच | ओवर | विकेट | इकॉनमी | रन |
1 | जसप्रीत बुमराह | मुंबई | 13 | 52 | 23 | 6.96 | 362 |
2 | कगिसो रबाडा | दिल्ली | 13 | 50.4 | 23 | 8.19 | 415 |
3 | जोफ्रा आर्चर | राजस्थान | 14 | 55.4 | 20 | 6.55 | 365 |
4 | युजवेंद्र चहल | बंगलौर | 13 | 49.1 | 20 | 7.15 | 352 |
5 | ट्रेंट बोल्ट | मुंबई | 13 | 51.2 | 20 | 8.14 | 418 |