IPL 2020: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian premier league) के 13वें सीजन में विश्व भर में जारी मंदी का असर देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट की प्राइज मनी भारी कटौती की है। इस बार चैंपियन बनने वाली टीम को 20 की जगह सिर्फ 10 करोड़ ही मिलेंगे। वहीं, रनर-अप को 12.5 करोड़ की जगह 6.25 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इस बार टूर्नामेंट का पहला मैच 29 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला।

क्वालिफायर में हारने वाली दो टीमों को 4.375 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस बारे में सभी फ्रैंचाइजियों को सूचित कर दिया है। इससे पहले बोर्ड ने यह साफ कर दिया था कि टूर्नामेंट से पहले होने वाली ओपनिंग सेरेमनी इस सीजन में नहीं होगी। तब बोर्ड के एक पदाधिकारी ने कहा था कि यह कदम फिजूलखर्ची को रोकने के लिए उठाया जा रहा है।

बोर्ड ने कहा, ‘‘सभी फ्रैंचाइजी आर्थिक रूप से मजबूत हैं। उनके पास स्पॉन्सरशिप के अलावा पैसे कमाने के कई और साधन भी हैं। इन्हीं कारणों से प्राइज मनी को आधा किया गया है।’’ IPL मैचों की मेजबानी करने वाले स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन्स को 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। यह राशि एसोसिएसन को मिलती रहेगी। इसमें 50 लाख रुपए बोर्ड देता है। पिछली बार आईपीएल का फाइनल चेन्नई और मुंबई के बीच खेला गया था। तब मुंबई ने चेन्नई को हराकर खिताब अपने नाम किया था। मुंबई अब तक सबसे ज्यादा 4 बार चैंपियन बना है। वहीं, चेन्नई ने 3 बार टाइटल अपने नाम किया।

बोर्ड ने पदाधिकारियों के लिए भी नए नियम लागू किए हैं। बोर्ड के मिड-लेवल पदाधिकारी को अब एशियाई देशों में यात्रा करने के लिए बिजनेस क्लास के हवाई टिकट नहीं दिए जाएंगे। ऐसा उन देशों की यात्रा पर लागू होगा। जहां जाने में ट्रेवल टाइम 8 घंटे से कम लगता है। इनमें श्रीलंका, बांग्लादेश और यूएई जैसे देश शामिल हैं।