दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 7वें मुकाबले में 44 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह चेन्नई के खिलाफ तीन अलग-अलग देशों में जीत दर्ज करने वाली पहली टीम में बन गई है। आईपीएल 2009 में दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने चेन्नई को दक्षिण अफ्रीका के डरबन में 9 रन से हरा दिया था।

आईपीएल 2014 के दौरान यूएई में उसे चेन्नई ने हराया था। भारत में सीएसके को दिल्ली हरा चुका है और अब उसे यूएई में जीत मिली है। इस तरह तीन देशों में उसने महेंद्र सिंह धोनी की टीम को हराया है। दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार (25 सितंबर) को 176 रनों का लक्ष्य दिया था। उसने 20 ओवर में 3 विकेट पर 175 रन बनाए थे। इसके जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 131 रन ही बना सकी। चेन्नई को लगातार दूसरे मैच में हार मिली और दिल्ली को लगातार दूसरे मैच में जीत।

मैच हारने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने बल्लेबाजों को हार का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘‘टीम की बल्लेबाजी में कमी है और इसमें सुधार करना होगा। मुझे नहीं लगता कि यह हमारे लिए अच्छा मैच था। विकेट धीमी हो गई थी। ओस भी नहीं थी, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे बल्लेबाजी क्रम में कमी है। हमें इसका पता लगाना होगा। अगले सात दिन का ब्रेक हमारे लिए इस बात की पता लगाने का मौका देगा।

धोनी ने माना की अंबाती रायुडू की कमी टीम को खली। उन्होंने कहा कि वह अगले मैच में खेल पाएंगे। धोनी ने आगे कहा, ‘‘अंबाती रायुडू को अगला मैच खेलना चाहिए। वह हमें एक अतिरिक्त गेंदबाज को खेलाने का प्रयोग करने का मौका देंगे। कुछ ऐसी चीजें हैं जिसके बारे में हमें सोचना है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हमें अपने लेंग्थ, लाइन और पेस को ठीक करना होगा। हम बाउंड्री लगने वाली गेंदें ज्यादा कर रहे हैं।’’