भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और रिकॉर्ड एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं। वे जब भी कोई मैच खेलते हैं, कोई न कोई रिकॉर्ड उनके निशाने पर होता है। हालांकि, इस बार उन्होंने बिना मैच खेले ही एक और मुकाम छू लिया है। बल्लेबाजी में लोहा मनवाने इस खिलाड़ी ने पूरी दुनिया में अपना औरा बनाया है। फिटनेस, जुनून और जीत का जज्बा उन्हें महान बनाता है। इस बात में कोई शक नहीं कि विराट कोहली हर दिन खुद को हराकर खुद से जीतते हैं। यही कारण है कि पूरी दुनिया में उनके चाहने वाले कोहली की एक झलक पाने को बेसब्र दिखते हैं।
आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर कायम विराट कोहली की लोकप्रियता का आलम यह है कि उनके स्टारडम के आगे बड़े-बड़े दिग्गज भी कहीं ठहरते हैं। विराट कोहली क्रिकेट जगत में तो कई लीजेंड को पछाड़ चुके हैं, लेकिन उनकी शख्सियत के आगे राजनीति, अभिनय के सूरमाओं का भी कद बौना नजर आता है। यह बात हम नहीं, बल्कि उनकी लोकप्रियता के आंकड़े कह रहे हैं।
विराट कोहली इंस्टाग्राम पर 5.5 करोड़ फॉलोवर वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा हैं। प्रियंका के इंस्टाग्राम पर फॉलोवर की संख्या 5.21 करोड़ है। इंस्टाग्राम पर सिर्फ इन्हीं दोनों भारतीयों के ही 5 करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं। तीसरे नंबर पर दीपिका पादुकोण हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोवर की संख्या 4.72 करोड़ है। इंस्टाग्राम पर विराट कोहली की फैन फॉलोइंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी करीब डेढ़ गुना है। पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर 3.94 करोड़ फॉलोवर हैं।
इस महीने की 9 तारीख तक विराट कोहली के फॉलोवरों की संख्या 5.3 करोड़ थी। इसका मतलब है पिछले 12 दिनों में उनके फॉलोवर की संख्या 20 लाख से ज्यादा बढ़ी है। नौ अप्रैल 2020 को प्रियंका चोपड़ा के फॉलोवर की संख्या 5.1 करोड़ थी, यानी पिछले 12 दिनों में उनके फॉलोवर की संख्या में 11 लाख का इजाफा हुआ है। बता दें कि इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोवर की संख्या क्रिस्टियानो रोनाल्डो की है। उनके 21.4 करोड़ फॉलोवर हैं। वहीं लियोनेल मेसी के इंस्टाग्राम पर 14.8 करोड़ फॉलोवर हैं।