South Africa vs India 1: टीम इंडिया ने 30 दिसंबर 2021 को साउथ अफ्रीका में इतिहास रचा। उसने सेंचूरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में पहली बार टेस्ट में जीत हासिल की। टीम इंडिया ने 3 मैच की सीरीज का पहला टेस्ट 113 रन से जीता। केएल राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 305 रन का लक्ष्य मिला था। वह दूसरी पारी में 68 ओवर में 191 रन ही बना पाई। मैच के पांचवें दिन लंच के समय तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 66 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन था। उसे जीत के लिए 123 रन की जरूरत थी। उस समय टेम्बा बावुमा ने 34 और मार्को जेनसन ने 5 रन बनाए थे। हालांकि, उसने आखिरी 3 विकेट लंच के बाद की 12 गेंदों में गंवा दिए। इनमें से 2 विकेट अश्विन और एक विकेट शमी ने चटकाया।

यह मैच एक तरह से गेंदबाजों के नाम रहा। मैच में कुल 889 रन बने और 20 विकेट गिरे। इनमें से अतिरिक्त रनों की संख्या 64 रही। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने 8, जसप्रीत बुमराह ने 5 और मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर और रविचंद्रन अश्विन के हिस्से भी 2-2 विकेट आए।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उसने पहली पारी में केएल राहुल के शतक की बदौलत 327 रन बनाए थे। लुंगी एनगिडी ने 6 विकेट लिए थे। दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 197 रन पर ऑलआउट हुई थी। मोहम्मद शमी ने 5 विकेट चटकाए थे। भारतीय टीम दूसरी पारी में 174 रन ही बना पाई थी।
Freedom Trophy, 2021/22
South Africa
197(62.3)& 191(68.0)
India
327(105.3)& 174(50.3)
Match Ended ( Day 5 – 1st Test )
India beat South Africa by 113 runs
भारतीय टीम ने जिस तरीके का खेल दिखाया है, वह सराहनीय है। पहले पारी में अगर बल्लेबाजों के प्रदर्शन को छोड़ दें तो गेंदबाजों का प्रदर्शन इस मैच में हमेशा से शानदार रहा है। बारिश से दूसरा दिन धुल जाने के बाद, तीसरे दिन गेंदबाजों ने 18 विकेट झटके और चौथे दिन भी गेंदबाज हावी रहे। आज पहले घंटे में बढ़िया बल्लेबाजी हुई, लेकिन उसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जिस तरीके से वापसी की, उसने साउथ अफ्रीकी टीम को कोई मौका नहीं दिया।
इस साल की शुरुआत में भारत ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रचा था। वर्ष के अंत में सेंचूरियन में साउथ अफ्रीका को हराकर फिर इतिहास रच दिया है। यह साल भारतीय टेस्ट टीम के लिए मजबूत किलाओं को तोड़ने का साल रहा है। हम में से कई लोग सोच रहे थे कि इस मैच में जिस तरीके बारिश खलल डाल रही है, इसका परिणाम ड्रॉ ही होगा, लेकिन हम गलत थे। भारतीय टीम ने जिस तरीके का खेल दिखाया है, वह सराहनीय है।
लंच का समय हो गया है। भारतीय टीम के लिए पहला सेशन कमाल का रहा। पहले सेशन में दक्षिण अफ्रीका ने 88 रन जरूर बनाए, लेकिन उसने तीन अहम विकेट गंवा दिए। लंच के समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 66 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन है। उसे जीत के लिए 123 रन की जरूरत है। इस समय क्रीज पर टेम्बा बावुमा (34) और मार्को जेनसन (5) हैं। भारत को इस जोड़ी को तोड़ने की जरूरत है, क्योंकि एक बार जब लक्ष्य 100 रनों से कम रह जाएगा तब दबाव साउथ अफ्रीका से भारतीय टीम पर आ जाएगा।
भारत अब इतिहास रचने से 3 विकेट दूर है। शमी ने 61वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 7वां झटका दिया। मुल्डर एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत ने मुल्डर का कैच लपका। साउथ अफ्रीका के खाते में अभी 164 रन हैं। उसे जीत के लिए 141 रन की और जरूरत है।
सिराज ने भारत को छठी सफलता दिलाई। उन्होंने 60वें ओवर की तीसरी गेंद पर डीकॉक को बोल्ड किया। एक और बार बल्ले का किनारा लेकर गेंद स्टंप पर जाकर लगी। पिछली बार थे शार्दुल और इस बार सिराज। चौथे स्टंप पर गुड लेंथ, कट करने गए थे शरीर के करीब गेंद पर, गेंद अंदर की ओर आई और काम कर गई। डीकॉक 28 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह मुल्डर क्रीज पर आए हैं।
ड्रिंक्स का समय हो गया है। इस समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 54 ओवर में 5 विकेट पर 138 रन है। उसे जीत के लिए 167 रन की और जरूरत है। भारत को जीत के लिए 5 विकेट चाहिए। इस समय क्विंटन डीकॉक 3 और टेम्बा बावुमा 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
बुमराह ने भारत को 5वीं सफलता दिलाई। 51वें ओवर की पांचवीं गेंद चौथे स्टंप पर गिरी थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए तेजी से अंदर आई थी। एल्गर पीछे जाकर कलाइयों के सहारे स्क्वायर लेग की दिशा में प्रयासरत थे, लेकिन गेंद पैड पर लगी। अंपायर ने अंगुली खड़ी कर दी। एल्गर ने रिव्यू लिया। अल्ट्रा एज ने बताया कि गेंद और बल्ले में कोई संपर्क नहीं हुआ। विकेट्स- हिटिंग, पिचिंग - इनलाइन। एल्गर को पवेलियन लौटना पड़ा। भारत को दिन की पहली सफलता मिली। विराट कोहली खुशी से झूमे। एल्गर 77 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह क्विंटन डीकॉक क्रीज पर आए हैं।
डीन एल्गर धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। वह 151 गेंद में 77 रन बना चुके हैं। उन्होंने टेम्बा बावुमा के साथ मिलकर अब तक 55 गेंद में 36 रन की साझेदारी कर चुके हैं। टेम्बा बावुमा 10 रन पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने 42वें ओवर की चौथी गेंद पर अपने 100 रन पूरे किए। शमी की गेंद को डीन एल्गर ने एल्गर ने मिड विकेट की दिशा में खेला। अश्विन गेंद के पीछे भागे, लेकिन गेंद रेस जीत गई। यह दिन का पहला चौका है।
भारतीय खिलाड़ी मैदान पर हैं। तीन स्लिप और एक गली के साथ गेंदबाजी होगी। गेंद बुमराह के हाथ में है। स्ट्राइक पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले टेम्बा बावुमा लेंगे।
सेंचूरियन से अच्छी खबर आ रही है। इस समय वहां मौसम साफ है। साथ ही भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 6 बजे बारिश की संभावना भी 70 से गिरकर 50 प्रतिशत हो गई है। उम्मीद है तब तक भारतीय गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका का पुलिंदा बांध चुके होंगे। मैच के ताजा अपडेट्स के लिए आप हमारे साथ बने रहिए।
सेंचुरियन टेस्ट में भारतीय टीम जीत से छह विकेट दूर है। अगर मौसम भारत का साथ देता है और भारतीय गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका को जल्दी आउट कर लेते हैं तो टीम इंडिया इस मैदान पर अपनी पहली जीत हासिल कर लेगी। इससे पहले दो मौकों पर भारत को यहां बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।