India vs New Zealand (IND vs NZ) WTC Final day 3: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच इंग्लैंड के साउथम्पटन में खेला जा रहा है। तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने भारत के 217 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में दो विकेट पर 101 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की टीम भारत से अब भी 116 रन पीछे है। उसके आठ विकेट गिरना शेष हैं। स्टम्प उखड़ने के समय कप्तान केन विलियमसन 12 रन पर खेल रहे थे, जबकि रोस टेलर को अभी खाता खोलना है। इससे पहले तीसरे दिन टीम इंडिया पहली पारी 92.1 ओवर में 217 रन पर सिमटी।
भारत के आखिरी 3 विकेट महज 4 गेंद में गिरे। कीवी गेंदबाज काइल जैमीसन ने 22 ओवर में 31 रन देकर 5 विकेट झटके। वह न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बन गए जिन्होने अपने शुरुआती 8 टेस्ट मैच के भीतर पांचवीं बार 5 विकेट लिए हैं। वह शुरुआती 8 टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने अपने आठवें टेस्ट मैच में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट लिए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली। इससे न्यूजीलैंड डब्ल्यूटीसी फाइनल का तीसरा दिन अपने नाम करने में सफल रहा।
तीसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण आधा घंटा पहले समाप्त किया गया। भारतीय गेंदबाजों को कीवी गेंदबाजों की तरह स्विंग नहीं मिली लेकिन उन्होंने सीम का अच्छा इस्तेमाल किया ।न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी टॉम लॉथम (104 गेंदों पर 30) और कॉनवे (153 गेंदों पर 54 रन) ने हालांकि 34 ओवर तक उन्हें सफलता नहीं मिलने दी। इस बीच 70 रन जोड़े।
जसप्रीत बुमराह ने लगातार 140 किमी रफ्तार से गेंदें की। इशांत शर्मा ने अच्छी लाइन व लेंथ पकड़े रखी। मोहम्मद शमी सटीकता से विकेट लेने के करीब नजर आए। इन सभी के दबाव का फायदा आखिर में रविचंद्रन अश्विन (20 रन देकर एक) को मिला। उनकी फ्लाइट लेती गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में लॉथम ने एक्स्ट्रा कवर पर विराट कोहली को कैच थमा दिया।
कोहली ने इस बीच गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए। ऐसे में कॉनवे ने इशांत शर्मा (19 रन देकर एक) के नए स्पैल में ढीला शॉट खेला और शमी ने मिडऑन पर कैच लेने में कोई गलती नहीं की। इस ओवर के बाद दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया। उस समय कप्तान केन विलियमसन 12 रन पर खेल रहे थे, जबकि अनुभवी रोस टेलर को अभी खाता खोलना है।
इससे पहले भारत ने सुबह तीन विकेट पर 146 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन 71 रन के अंदर बाकी बचें सातों विकेट गंवा दिए। इसका श्रेय न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों और कप्तान विलियमसन को जाता है। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कप्तान कोहली (142 गेंदों पर 44 रन) और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे (119 गेंदों पर 49 रन) के लिए अच्छी तरह से जाल बिछाया।
जैमीसन ने 31 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि नील वैगनर (40 रन देकर दो), ट्रेंट बोल्ट (47 रन देकर दो) और टिम साउदी (64 रन देकर एक) ने बाकी पांच विकेट निकाले। कीवी गेंदबाजों ने कोहली के लिए लगातार ऑफ स्टम्प से बाहर गेंदबाजी करके उनकी एकाग्रता की परीक्षा ली। रहाणे को उन्हें शार्ट पिच गेंदें करके उन्हें पुल शॉट खेलने के लिए ललचाया।
इस बीच विलियमसन ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव भारतीयों को किसी भी गेंदबाज को समझने का अवसर नहीं दिया। भारत ने सुबह तीन विकेट पर 146 रन से आगे खेलना शुरू किया। पहले सत्र में चार विकेट के बदले में 65 रन जोड़कर लंच तक स्कोर सात विकेट पर 211 रन तक पहुंचाया। भारत के पुछल्ले बल्लेबाज नई गेंद के सामने देर तक नहीं टिक पाए। न्यूजीलैंड ने लंच के बाद बाकी बचे तीनों विकेट 19 गेंद और छह रन के अंदर निकालकर भारतीय पारी का अंत किया।
बादल छाए रहने के कारण बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। कोहली अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ पाये। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के उनके साथी जैमीसन ने उन्हें काफी परेशानी में डाला। बोल्ट और जैमीसन ने उनके लिए ऑफ स्टम्प से बाहर गेंद करना जारी रखा। कोहली भी उनकी रणनीति भांपकर इन गेंदों को छोड़ते रहे। ऐसे में जैमीसन की बेहतरीन लेंथ से की गई गेंद उनके पैड से टकराई और अंपायर की अंगुली उठ गई। कोहली ने इस पर डीआरएस भी गंवाया।
ऋषभ पंत (चार) ने 19 गेंद तक कोई रन नहीं बनाया और फिर मिडविकेट पर चौका जड़ा। इसके दो गेंद बाद जैमीसन की कोण लेती गेंद पर उन्होंने ड्राइव करने के प्रयास में तीसरी स्लिप में लॉथम को कैच दे दिया। कोहली के साथ 61 रन की साझेदारी टूटने के बाद रहाणे को लग गया था कि रन गति तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले। रहाणे ने वैगनर की गेंद पर गलत टाइमिंग से पुल किया लेकिन बच गए। वैगनर ने फिर शार्ट पिच गेंद की और इस बार उन्होंने स्क्वायर लेग पर लॉथम को कैच दे दिया। रहाणे पुल शॉट खेलने के जाल में फंसकर अर्धशतक से चूक गए।
अश्विन (27 गेंदों पर 22 रन) ने कुछ उपयोगी रन बनाए, लेकिन लंच से ठीक पहले टिम साउदी (64 रन देकर एक) ने उनका विकेट निकाल दिया। जैमीसन ने इशांत (चार) और बुमराह (शून्य) को आउट करके पांच विकेट लेने का कारनामा पूरा किया, जबकि बोल्ट ने रविंद्र जडेजा (15) को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया।
Highlights
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के तीसरे भारतीय टीम की पहली पारी में 217 रन सिमटी। न्यूजीलैंड ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम इस तरह से अभी उससे 116 रन आगे है। तीसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण आधा घंटा पहले समाप्त किया गया।
इशांत शर्मा ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 49वें ओवर की चौथी गेंद पर डेवोन कॉनवे को मोहम्मद शमी के हाथों कैच कराया। कॉनवे 6 चौके की मदद से 153 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। कॉनवे जब आउट हुए तब न्यूजीलैंड के खाते में 101 रन जुड़े थे। वह भारतीय टीम से अब भी 1016 रन पीछे है। कॉनवे की जगह रोस टेलर क्रीज पर आए।
डेवोन कॉनवे ने 44वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पांचवीं गेंद पर 3 रन लेकर अपनी फिफ्टी पूरी की। अगले ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर भी 100 के पार पहुंच गया। कॉनवे ने अर्धशतक पूरा करने के लिए 137 गेंदें खेलीं।
आखिरकार भारत को पहली सफलता मिल ही गई। अश्विन ने 35वें ओवर की दूसरी गेंद पर टॉम लॉथम को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। लॉथम 3 चौके की मदद से 104 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। जब वह आउट हुए तब न्यूजीलैंड का स्कोर 34.2 ओवर में 70 रन था। लॉथम की जगह केन विलियमसन क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर डेवोन कॉनवे हैं। 40 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 80 रन था। कॉनवे 43 और केन विलियमसन 5 रन बनाकर नाबाद थे।
चायकाल के बाद का खेल शुरू हो चुका है। न्यूजीलैंड ने 25 ओवर में बिना विकेट खोए 43 रन बना लिए हैं। टॉम लॉथम और डेवोन कॉनवे 21-21 रन बनाकर खेल रहे हैं।
चायकाल तक न्यूजीलैंड ने 21 ओवर में बिना विकेट खोए 36 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉनवे 18 और टॉम लॉथम 17 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत की ओर से अब तक इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजी कर चुके हैं। लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है।
भारत की पहली पारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी खेल रहा है। उसके ओपनर टॉम लॉथम और डेवोन कॉनवे क्रीज पर टिक हुए हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट की तलाश में हैं। न्यूजीलैंड ने 16 ओवर में बिना विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। इस दौरान एक दो मौके जब लगा कि भारत के खाते में विकेट आ सकता है,लेकिन टीम इंडिया के फैंस को निराशा ही हाथ लगी।
न्यूजीलैंड के टॉम लॉथम ने इशांत शर्मा के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। इशांत की तीसरी गेंद को लॉथम ने फ्लिक किया था। शुभमन गिल ने डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह गेंद से थोड़ा ही दूर रह गए। गिल यदि कैच पकड़ लेते तो न्यूजीलैंड के लिए यह बड़ा झटका साबित हो सकता था।
काइल जैमीसन 92वां ओवर लेकर आए। उन्होंने चौथी और पांचवीें गेंद पर क्रमशः इशांत और जसप्रीत बुमराह के विकेट झटके। बुमराह की जगह मोहम्मद शमी आए। उन्होंने जैमीसन के ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। इससे पहले इशांत 4 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच रोस टेलर ने लपका।जैमीसन ने बुमराह को एलबीडब्ल्यू किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने 5 विकेट पूरे किए। साथ ही वह न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बन गए जिन्होने अपने शुरुआती 8 टेस्ट मैच के भीतर पांचवीं बार 5 विकेट लिए हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के तीसरे दिन लंच तक भारत ने 89 ओवर में 7 विकेट 211 रन बना लिए हैं। रविंद्र जडेजा 15 और इशांत शर्मा 2 रन बनाकर नाबाद हैं। काइल जैमीसन अब तक 3, नील वैगनर 2 विकेट ले चुके हैं। टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट के हिस्से में भी एक-एक विकेट आए हैं।
रविचंद्रन अश्विन के रूप में टीम इंडिया को 7वां झटका लगा। 86वां टिम साउदी लेकर आए। अश्विन ने चौथी गेंद पर चौका जड़ा। अगली गेंद बाहर की ओर निकल रही थी, अश्विन ने उस कट करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी स्लिप पर टॉम लॉथम ने उन्हें लपकने में कोई गलती नहीं की। अश्विन ने 27 गेंद की अपनी पारी के दौरान 3 चौके लगाए और 22 रन बनाए। अश्विन की जगह इशांत शर्मा क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर जडेजा हैं। वह 39 गेंद में 12 रन पर नाबाद हैं।
अजिंक्य रहाणे भी अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। वह 5 चौके की मदद से 117 गेंद में 49 रन बनाकर आउट हुए। नील वैगनर ने 79वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें स्क्वायर लेग पर टॉम लॉथम के हाथों कैच कराया। पंत का कैच भी लॉथम ने ही पकड़ा था। रहाणे की जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर रविंद्र जडेजा हैं। जडेजा 17 गेंद में 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। 79 ओवर के बाद भारत का स्कोर 6 विकेट पर 182 रन है।
काइल जैमीसन ने भारत को पांचवां झटका दिया। 74वें ओवर की चौथी गेंद पर ऋषभ पंत ने टॉम लॉथम को कैच थमा दिया। वह 22 गेंद में 4 रन ही बना पाए। उनकी जगह रविंद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं। जडेजा ने नील वैगनर की गेंद पर चौका जड़ अपना खाता खोला। दूसरे छोर पर अजिंक्य रहाणे हैं। रहाणे 108 गेंद में 37 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तीसरे दिन विराट कोहली के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वे 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 132 गेंद की पारी में उन्होंने एक चौका लगाया। वे अपने दूसरे दिन के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके। कोहली को कायेल जेमीसन ने एलबीडब्ल्यू कर दिया।
मौसम साफ हो चुका है। खिलाड़ी मैदान में पहुंच गए हैं। विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे अपने बल्ले के साथ क्रीज पर पहुंच गए हैं। दोनों के सामने न्यूजीलैंड की मजबूत पेस बैटरी है। देखना है कि किस तरह पहले सेशन में दोनों खेलते हैं।
अंपायर्स ने पिच का निरीक्षण कर लिया है। वे मैदान की स्थिति से खुश हैं। जल्द ही दिन का खेल शुरू हो सकता है। विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। दोनों अर्धशतकीय साझेदारी को बड़ी साझेदारी में बदलना चाहेंगे।
साउथम्पटन में सुबह से लगातार बारिश हो रही थी हालांकि, अभी मौसम कुछ साफ हुआ है। कवर्स हटाए जा रहे हैं और अंपायर कुछ देर में मैदान का निरीक्षण करेंगे। दोनों टीमों के खिलाड़ी भी धीरे-धीरे मैदान पर आने लगे हैं। अगर आज मौसम साफ रहा था तो भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे तक दिन का खेल चलेगा।