भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन रविवार (7 फरवरी 2021) को ऋषभ पंत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। वे 88 गेंद पर 91 रन बनाकर आउट हुए। पंत ने अपनी पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए। वे भारतीय जमीन पर अपने पहले शतक से एक बार फिर चूक गए। एक बार पंत के आउट होने के रवैये पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
पंत जब क्रीज पर आए थे तो टीम इंडिया 73 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी की। पुजारा 73 रन बनाकर आउट हो गए। पंत ने फिर वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। ऐसा लग रहा था कि दोनों खिलाड़ी मिलकर टीम इंडिया के ऊपर से फॉलोऑन का खतरा टाल देंगे तभी पंत ने एक गैरजिम्मेदाराना शॉट खेला। डॉम बेस की गेंद को छक्का मारने के प्रयास में जैक लीच को कैच थमा दिया। लीच ने ऑफ साइड में शानदार कैच लिया।
पंत 91 रन बना चुके थे। शतक बनाने के लिए उन्हें 9 रन चाहिए थे। इससे भी ज्यादा जरूरी बात टीम इंडिया के लिए उनका क्रीज पर होना था। पंत अगर क्रीज पर कुछ देर और रूक जाते तो इंग्लैंड की टीम दबाव में आ जाती है। उन्होंने अपना विकेट आसानी से दे दिया। पंत की ये पारी भारतीय टीम का काम तो पूरा नहीं कर सकी, लेकिन उन्होंने इस पारी के दौरान कुछ उपलब्धि जरूर हासिल कर ली।
भारतीय जमीन पर पंत की ये तीसरी पारी थी। इससे पहले वो दो बार 92-92 रनों पर आउट हो चुके थे। पंत भारत में पहली तीन पारियों में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले ऐसा विराट कोहली ने किया था। कोहली ने भारत में अपनी पहली पांच पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए थे। कोहली ने 52, 63, 58, 103 और नाबाद 51 रन बनाए थे।