भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 6 फरवरी को खेला जाएगा। भारतीय टीम 7 महीने बाद वनडे मैच खेलेगी। दोनों टीमों का फोकस चैंपियंस ट्रॉफी पर होगा। विराट कोहली और रोहित शर्मा पर निगाहें होंगी। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दोनों खिलाड़ी फ्लॉप रहे। इसके बाद रणजी ट्रॉफी में भी दोनों का बल्ला नहीं चला। आलोचनाओं के बीच दोनों खिलाड़ी वनडे में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज की बात करें तो विराट कोहली के पास बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं कोहली
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। उन्होंने 48 मैचों की 44 पारियों में 46.84 के औसत से 1546 रन बनाए हैं। युवराज सिंह ने 37 मैच की 36 पारियों में 1523 और सचिन तेंदुलकर ने 37 मैचों की 37 पारियों में 1455 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने 41.87 के औसत से 1340 रन बनाए हैं। ऐसे में कोहली को इन तीनों दिग्गजों से आगे निकलने के लिए 206 रन बनाने होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक वाले भारतीय
इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। युवराज ने 4 शतक लगाए हैं। विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 3 शतक लगाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 2 शतक लगाए है। कोहली को युवराज से आगे निकलने के लिए 2 शतक लगाने होंगे। रोहित शर्मा के भी 2 शतक हैं। सबसे ज्यादा अर्धशतक धोनी और तेंदुलकर के नाम है। दोनों ने 10-10 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली के 9 अर्धशतक हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में रोहित शर्मा का प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में रोहित शर्मा के प्रदर्शन की बात करें तो 20 मैचों की 20 पारियों में उन्होंने 48.26 के औसत से 724 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। वह गौतम गंभीर से आगे निकल सकते हैं। गंभीर के 21 मैचों की 21 पारियों में 36.65 के औसत से 733 रन हैं।