ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच की सीरीज के आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को 12 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दूसरी टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने से चूक गई। भारत ने 2-1 से यह सीरीज जीती। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्वीपसन मैन ऑफ द मैच बने। स्वीपसन ने 2 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या मैन ऑफ द सीरीज चुने गए।
विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 186 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 174 रन ही बना पाई। भारत ने आखिरी 3 विकेट 30 रनों के भीतर गंवाए। कोहली फिर अपना पहला टी20 इंटरनेशनल शतक बनाने से चूक गए। वह 61 गेंद में 85 रन बनाकर आउट हुए।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी के दौरान आखिरी 3 विकेट आखिरी 9 गेंदों के भीतर गंवाए थे। उसने आखिरी 5 ओवर में 47 रन बनाए और 3 विकेट गंवाए। 15वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2 विकेट पर 139 रन था। मैथ्यू वेड 69 और ग्लेन मैक्सवेल 35 रन बनाकर क्रीज पर थे। वेड ऑस्ट्रेलिया के हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 53 गेंद में 80 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल 36 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए। टी नटराजन और शार्दुल ठाकुर भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
इस मैच में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम में सिर्फ एक बदलाव हुआ। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की कमान एरोन फिंच ने संभाली। उनकी प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के कारण मार्कस स्टोइनिस को बाहर होना पड़ा।
India vs Australia 3rd T20 Live Cricket Score Updates: यहां देखिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 24 टी20 मैच हुए हैं। इनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 9 में जीत हासिल की है। वहीं, भारत 13 मैच में ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दे चुका है। एक मैच रद्द और एक मैच बेनतीजा रहा था। दोनों के बीच पिछले पांच मैचों की बात करें तो भारत ने 2 अपने नाम किए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने 3 में जीत हासिल की है।
[ie_ipl_scorecard match_id=48439]
Highlights
16वें ओवर भारत के पक्ष में गया। डेनियल सैम्स के इस ओवर में विराट कोहली ने 3 छक्के लगाए। इस ओवर में भारत ने कुल 20 रन बनाए। 16वां ओवर खत्म होने के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 131 रन है। विराट कोहली 55 गेंद में 78 रन बनाकर खेल रहे हैं। हार्दिक पंड्या के 8 गेंद में 9 रन है।
भारत ने 3 रन के भीतर 2 विकेट गंवाए। 12.2 ओवर के समय भारत का स्कोर 2 विकेट पर 97 रन था। मिशेल स्वीपसन ने तीसरी गेंद पर संजू सैमसन को स्टीव स्मिथ के हाथों कैच करा दिया। संजू ने 9 गेंद में 10 रन बनाए। संजू की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। वह इसी ओवर की छठी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। अय्यर ने रिव्यू भी लिया,लेकिन भारत को विकेट और रिव्यू दोनों गंवाना पड़ा। अय्यर गोल्डन डक हुए। अय्यर के आउट होने पर हार्दिक पंड्या क्रीज पर आए। 14 ओवरों के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 109 रन है। विराट कोहली 48 गेंद में 64 और हार्दिक एक रन पर खेल रहे हैं।
नौवें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। मिशेल स्वीपसन की पांचवीं गेंद पर शिखर धवन डेनियल सैम्स को कैच थमा बैठे। उन्होंने 3 चौके की मदद से 21 गेंद में 28 रन बनाए। धवन के आउट होने के बाद संजू सैमसन क्रीज पर आए हैं। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 75 रन है। विराट कोहली 31 गेंद में 41 रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारत ने पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में 55 रन बनाए। इस दौरान उसने एक विकेट (केएल राहुल का) गंवाया। राहुल के आउट होने के बाद शिखर धवन और विराट कोहली ने पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच अब तक 36 गेंद में 55 रन की साझेदारी हो चुकी है। 7 ओवरों के बाद विराट कोहली 24 गेंद में 34 और शिखर धवन 16 गेंद में 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत की शुरुआत खराब रही। उसने दूसरी गेंद ही पहला विकेट गंवा दिया। भारत की ओर से केएल राहुल और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्सवेल पहला ओवर लेकर आए। मैक्सवेल ने अपनी दूसरी ही गेंद पर स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट करा दिया। राहुल जब पवेलियन लौटे तब उनका और टीम का खाता नहीं खुला था। राहुल के आउट होने पर विराट कोहली क्रीज पर आए। दो ओवरों के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 15 रन है। कोहली 8 और धवन 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।
आखिरी ओवर टी नटराजन लेकर आए। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को बोल्ड कर दिया। मैक्सवेल 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 36 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने पर डी'आर्सी शॉर्ट क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर मोइसिस हेनरिक्स हैं।
19वें ओवर की दूसरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा। मैथ्यू वेड को शार्दुल ठाकुर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू किया। वेड 53 गेंद में 80 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आउट होने से पहले ग्लेन मैक्सवेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंद में 90 रन की साझेदारी की। इससे पहले 18 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2 विकेट पर 168 रन था। ग्लेन मैक्सवेल ने इसी ओवर में 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। 18वां ओवर नटराजन ने फेंका। नटराजन के इस ओवर से ऑस्ट्रेलिया ने 11 रन बटोरे थे।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 14 ओवर में 2 विकेट पर 124 रन है। ग्लेन मैक्सवेल 16 गेंद में 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। मैथ्यू वेड 44 गेंद में 68 रन बनाकर खेल रहे हैं। युजवेंद्र चहल के 13वें ओवर में अजीब ड्रामा हुआ। उनकी ओवर की आखिरी गेंद पर मैक्सवेल कैच आउट होकर पवेलियन लौटने लगे। तभी थर्ड अंपायर ने उस गेंद को नोबॉल करार दे दिया। इसके बाद मैक्सवेल फिर से क्रीज पर आ गए। इस तरह चहल भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज बनते-बनते रह गए।
दसवें ओवर में भारत को दूसरी सफलता मिली। वाशिंगटन सुंदर ने अपने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर स्टीव स्मिथ को बोल्ड कर दिया। स्मिथ 23 गेंद में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होने पर दाएं हाथ के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर आए। 10 ओवरों के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2 विकेट पर 82 रन है। वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए हैं। मैथ्यू वेड ने 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
नौ ओवरों का खेल हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है। मैथ्यू वेड 33 गेंद में 48 रन बना क्रीज पर हैं। स्टीव स्मिथ 19 गेंद में 18 रन बना चुके हैं। दोनों दूसरे विकेट के लिए 50 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं। वाशिंगटन सुंदर ने अब तक 3 ओवर में 25 रन देकर एक विकेट लिया है। युजवेंद्र चहल ने 2 ओवर में 13 रन दिए हैं। वह अब तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं।
पांच ओवरों का खेल हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 45 रन है। मैथ्यू वेड ने 21 गेंद में 32 रन बनाए हैं। वह अब तक 6 चौके लगा चुके हैं। स्टीव स्मिथ ने अब तक 6 गेंद में 3 रन बनाए हैं। दीपक चाहर काफी महंगे साबित हुए हैं। वह 3 ओवर में 28 रन दे चुके हैं।
दूसरा ओवर वाशिंगटन सुंदर लेकर आए। इस ओवर में भारत को बड़ी सफलता मिली। वेड ने पहली गेंद पर चौका जड़ा और अगली गेंद पर एक रन लेकर फिंच का स्ट्राइक दे दी। फिंच ने चौथी गेंद पर मिड-ऑफ से ऊपर छक्का मारने की कोशिश की, लेकेिन चूक गए और हार्दिक पंड्या ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। फिंच की जगह स्टीव स्मिथ क्रीज पर आए हैं। दूसरे ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 14 रन है।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू वेड और एरोन फिंच ने पारी की शुरुआत की। भारत के लिए पहला ओवर दीपक चाहर लेकर आए। वेड ने उनकी तीसरी ही गेंद पर चौका जड़ अपना और टीम का खाता खोला। हालांकि, इससे पहले वह दूसरी गेंद पर बीट भी हुए थे। पांचवीं गेंद में वेड ने फिर गेंद को सीमा रेखा के पार भेज दिया। पहले ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 9 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया: एरोन फिंच (कप्तान), मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, डी'आर्सी शॉर्ट, मोइसेस हेनरिक्स, डेनियल सैम्स, सीन एबॉट, एंड्रयू टाय, मिशेल स्वीपसन, एडम जंपा।
भारत: शिखर धवन, केएल राहुल (विकेटकीपर), विराट कोहली (कप्तान), संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, टी नटराजन, युजवेंद्र चहल।