India vs Afghanistan: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 में सुपर-8 चरण के तीसरे मैच में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने न केवल जीत हासिल की, बल्कि बड़ी जीत (47 रन से) हासिल की।
IND vs AFG Match LIVE Free Streaming Online: Watch Here
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बारबाडोस के ब्रिजटाउन में केंसिंग्टन ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 181 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 134 रन ही बना पाई।
बुमराह ने सिर्फ 7 रन दे झटके 3 विकेट
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में महज 7 रन देकर 3 विकेट लिए। उनका एक ओवर मेडन भी रहा। यह जसप्रीत बुमराह के टी20 इंटरनेशनल करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी (इकॉनमी के लिहाज से) है। अर्शदीप सिंह ने भी 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए।
अजमतुल्लाह रहे अफगानिस्तान के शीर्ष स्कोरर
अक्षर पटेल ने भी किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया। रविंद्र जडेजा ने 3 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज (8 गेंद, 11 रन), गुलबदीन नायब (21 गेंद, 17 रन), अजमतुल्लाह उमरजई (20 गेंद, 26 रन), नजीबुल्लाह जादरान (17 गेंद, 19 रन), मोहम्मद नबी (14 गेंद, 14 रन) और नूर अहमद (18 गेंद, 12 रन) में से कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
सूर्यकुमार यादव ने 27 गेंद में पूरी की फिफ्टी
इससे पहले भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 28 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा हार्दिक पंड्या ने 24 गेंद में 32 रन की पारी खेली। विराट कोहली 24, ऋषभ पंत 11 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। शिवम दुबे ने 7 गेंद में 10 और अक्षर पटेल ने 6 गेंद में 12 रन बनाए। रोहित सिर्फ 8 रन ही बना पाए।
बांह पर काली पट्टी बांधकर खेली टीम इंडिया
अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान और फजलहक फारुकी ने क्रमशः 26 और 33 रन देकर 3-3 विकेट लिए। भारत और अफगानिस्तान की टीमें एक-एक बदलाव के साथ इस मैच में उतरीं। भारत की शुरुआत खराब रही। उसने तीसरे ओवर की 5वीं गेंद पर ही रोहित का विकेट गंवा दिया। टीम इंडिया पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन की याद में बांह पर काली पट्टी बांधकर खेली, जिनका गुरुवार को निधन हो गया।
ICC Men's T20 World Cup, 2024
Afghanistan
134 (20.0)
India
181/8 (20.0)
Match Ended ( Day – Super Eight – Match 3 )
India beat Afghanistan by 47 runs
भारतीय टीम ने ग्रुप चरण की तरह सुपर 8 में शानदार शुरुआत की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, दोनों ओपनर्स विराट कोहली और रोहित शर्मा ने मौके गंवा दिए, लेकिन सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या की साझेदारी ने भारत को पहले 181 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद इसके बाद जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों की एक नहीं चलने दी। कुलदीप यादव भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने मैच की आखिरी गेंद पर नूर अहमद का विकेट लेकर अफगानिस्तान की पारी 20 ओवर में 134 रन पर समेट दी। इस तरह भारत ने 47 रन से मैच अपने नाम किया।
रविंद्र जडेजा 12वां ओवर लेकर आए। जडेजा ने पहली गेंद पर ही अजमतुल्लाह उमरजई को लॉन्ग ऑन पर अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। जडेजा की मोहम्मद नबी बल्लेबाजी के लिए आए। 12 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 75 रन है। नजीबुल्लाह जादरान के 6 गेंद में 2 रन हैं। मोहम्मद नबी के 3 गेंद में 2 रन हैं।
कुलदीप यादव 11वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर अजमतुल्लाह ने 1 रन लिया। दूसरी गेंद पर गुलबदीन नायब को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। गुलबदीन नायब 21 गेंद में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह नजीबुल्लाह जादरान बल्लेबाजी के लिए आए।
रविंद्र जडेजा 10वां ओवर लेकर आए। अजमतुल्लाह उमरजई ने ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। रविंद्र जडेजा के इस ओवर से अफगानिस्तान के खाते में 9 रन आए। 10 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 3 विकेट पर 66 रन है। गुलबदीन नायब के 20 गेंद में 17 और अजमतुल्लाह उमरजई के 18 गेंद में 25 रन हैं। दोनों के बीच 36 गेंद में 43 रन की साझेदारी हो चुकी है।
अफगानिस्तान की पारी के 9 ओवर हो चुके हैं। अफगानिस्तान का स्कोर 3 विकेट पर 57 रन है। गुलबदीन नायब के 17 गेंद में 16 और अजमतुल्लाह उमरजई के 15 गेंद में 17 रन हैं। दोनों के बीच 30 गेंद में 34 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब जल्द ही विकेट चटकाना होगा, नहीं तो यह जोड़ी खतरनाक साबित हो सकती है।
जसप्रीत बुमराह पांचवां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर हजरतुल्लाह जजाई को बैकवर्ड पॉइंट पर रविंद्र जडेजा के हाथों कैच करा दिया। हजरतुल्लाह जजाई 4 गेंद में 2 रन बनाकर आउट हुए। हजरतुल्लाह जजाई की जगह अजमतुल्लाह उमरजई बल्लेबाजी के लिए आए। उमरजई ने चौथी गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला। पांच ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 3 विकेट पर 27 रन है।
अक्षर पटेल चौथा ओवर लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर इब्राहिम जादरान को एक्स्ट्रा कवर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच करा दिया। इब्राहिम जादरान 11 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। इब्राहिम की जगह गुलबदीन नायब बल्लेबाजी के लिए आए हैं। चार ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 2 विकेट पर 23 रन है।
अफगानिस्तान के तीन ओवर हो चुके हैं। उसका स्कोर एक विकेट पर 23 रन है। इब्राहिम जादरान के 7 गेंद में 8 और हजरतुल्लाह जजाई के 3 गेंद में 2 रन हैं।
जसप्रीत बुमराह दूसरा ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद डॉट रही। दूसरी गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज विकेट के पीछे ऋषभ पंत को अपना कैच थमा बैठे। रहमानुल्लाह गुरबाज 8 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। गुरबाज की जगह इब्राहिम जादरान बल्लेबाजी के लिए आए। अफगानिस्तान का स्कोर 1.2 ओवर में 1 विकेट पर 13 रन है।
अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रहमानुल्लाह गुरबाज और हजरतुल्लाह जजाई ने उनकी ओर से पारी की शुरुआत की। भारत के लिए अर्शदीप सिंह पहला ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद वाइड रही। अगली गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने चौका लगाकर अपना और टीम का खाता खोला।
भारत ने आखिरी 3 ओवर में 3 विकेट गंवाए। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या आउट हुए। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर रविंद्र जडेजा ने अपना विकेट गंवाया। 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल रन आउट हो गए। इस तरह भारतीय पारी 20 ओवर में 8 विकेट पर 181 रन पर समाप्त हुई। फजलहक फारुकी और राशिद खान ने 3-3 विकेट लिए। नवीन उल हक ने एक विकेट लिया।
फजलहक फारुकी 17वां ओवर लेकर आए और सूर्यकुमार यादव का विकेट ले उड़े। हालांकि, पवेलियन लौटने से पहले सूर्यकुमार यादव ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। सूर्यकुमार यादव ने फजलहक की चौथी गेंद पर छक्का लगाया और फिर अगली गेंद पर चौका जड़कर अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, आखिरी गेंद पर फिर से छक्का जड़ने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर मोहम्मद नबी को अपना कैच थमा बैठे। सूर्यकुमार यादव 28 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
नूर अहमद 16वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से भारत के खाते में 12 रन आए। हार्दिक पंड्या ने उनके इस ओवर की चौथी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 138 रन है। हार्दिक पंड्या के 18 गेंद में 24 रन हैं। सूर्यकुमार यादव के 23 गेंद में 42 रन हैं। दोनों के बीच 31 गेंद में 48 रन की साझेदारी हो चुकी है।
अजमतुल्लाह उमरजई 15वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से भारत के खाते में 11 रन आए। सूर्यकुमार यादव ने उनकी पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 126 रन है। सूर्यकुमार यादव के 21 गेंद में 41 रन हैं। हार्दिक के 14 गेंद में 13 रन हैं।
राशिद खान 14वां ओवर लेकर आए। उनकी आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने चौका जड़ दिया। इससे पहले ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार ने 1 रन लिया था। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 115 रन है। हार्दिक के 12 गेंद में 11 और सूर्यकुमार यादव के 17 गेंद में 34 रन हैं। दोनों के बीच 19 गेंद में 25 रन की साझेदारी हुई है।
भारत ने 11वें ओवर की 5वीं गेंद पर चौथा विकेट गंवाया। राशिद खान ने इस बार शिवम दुबे को एलबीडब्ल्यू किया। शिवम दुबे 7 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। पहले राशिद की अपील पर अंपायर ने शिवम को आउट नहीं दिया था, लेकिन बाद में रिव्यू में फैसला बदलना पड़ा। भारत का स्कोर 10.5 ओवर में 4 विकेट पर 90 रन है।
राशिद ने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर बड़ी मछली फंसाई। उन्होंने इस बार विराट कोहली को बाउंड्री लाइन के पास मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया। कोहली 24 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। कोहली की जगह शिवम दुबे बल्लेबाजी के लिए आए हैं। शिवम ने पांचवीं गेंद पर 1 रन लेकर अपना खाता खोला। ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने चौका लगाया। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट पर 67 रन है। सूर्यकुमार के 4 गेंद में 6 रन हैं।
राशिद खान की जिस गेंद पर पंत एलबीडब्ल्यू हुए वह लेग ब्रेक बॉल थी। ऋषभ पंत ने रिवर्स स्वीप करने का प्रयास किया, लेकिन गेंद पैड पर जा लगी। अंपायर ने अंगुली उठा दी। ऋषभ पंत ने विराट कोहली से बात करने के बाद रिव्यू लिया, लेकिन वह बेकार चला गया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा।
राशिद खान अपनी टीम के लिए 7वां ओवर लेकर आए। उन्होंने आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत को एलबीडब्ल्यू कर दिया। ऋषभ पंत 11 गेंद में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ की जगह सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 54 रन है।
पांचवां ओवर नवीन उल हक लेकर आए। कोहली ने उनकी पहली गेंद पर 2 रन लिया। इसके बाद अगली 2 गेंद पर कोई रन नहीं ले पाए, लेकिन चौथी गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने भरपाई कर दी। अगली गेंद पर 1 रन लिया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 34 रन है। विराट कोहली के 14 गेंद में 16 और ऋषभ पंत के 3 गेंद में 7 रन हैं।
भारत ने तीसरे ओवर में ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। तीसरा ओवर फजलहक फारुकी लेकर आए। फजलहक की यह गेंद मिडिल लेग पर फुल लेंथ बॉल थी। रोहित ने सीधे बैट से हवा में खेली। गेंद बल्ले के निचले हिस्से लगी और मिड-ऑन के फील्डर ने आसान कैच पकड़ लिया। रोहित 13 गेंद में 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोहित की जगह ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए। फजलहक की अगली गेंद वाइड रही। ऋषभ पंत ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर 1 विकेट पर 16 रन है। विराट कोहली के 4 गेंद में 1 रन हैं।
रोहित शर्मा शुरुआती 4 गेंद में एक भी रन नहीं ले पाए। उन्होंने पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर अपना और टीम का खाता खोला। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अगले ओवर के लिए भी स्ट्राइक अपने पास रखी। पहले ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 5 रन है।
भारतीय पारी शुरू हो चुकी है। भारत के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत की। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारुकी पहला ओवर लेकर आए।
टॉस हारने के बाद राशिद खान ने रवि शास्त्री को बताया, हम भी पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप टी20 में कैसे खेलते हैं। हम अपनी तैयारियों और जिस तरह से चीजें हुई हैं, उससे खुश हैं। हम अच्छी टीमों का सामना कर रहे हैं। हमें अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना होगा और अपना स्वाभाविक खेल खेलना होगा। इससे परिस्थितियों के अनुकूल होने में मदद मिलती है। हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा। हमारे पास एक बदलाव है, करीम जनत नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह जजाई आए हैं।
अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, नजीबुल्लाह जादरान, हजरतुल्लाह जजाई, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, नवीन-उल-हक, फजलहक फारुकी।
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
टी20 विश्व कप 2024 में भारत बनाम अफगानिस्तान मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीत लिया है। टॉस जीतने के बाद उन्होंने कहा कि वह पहले बल्लेबाजी करेंगे। प्लेइंग इलेवन के बारे में उन्होंने कहा कि एक बदलाव है। मोहम्मद सिराज की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
टी20 विश्व कप 2024 में भारत बनाम अफगानिस्तान मैच के लिए शाम 7:30 बजे टॉस होगा। उसी समय दोनों टीमें अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान करेंगी। इससे पहले दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं। स्टार स्पोर्ट्स ने भारतीय खिलाड़ियों के स्टेडियम पहुंचने का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
https://www.instagram.com/reel/C8cHGBUPOHb/?utm_source=ig_web_copy_link
22 जून 2024: भारत बनाम बांग्लादेश: सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम, नॉर्थ साउंड, एंटिगा: भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से।
24 जून 2024: ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत: डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम, ग्रास आइलेट, सेंट लूसिया: भारतीय समयानुसार रात 08:00 बजे से।
27 जून, 2024: सेमीफाइनल 1: विजेता ग्रुप 1 बनाम उपविजेता ग्रुप 2: ब्रायन लारा स्टेडियम, त्रिनिदाद: सुबह 6:00 बजे से (भारतीय समयानुसार)
27 जून, 2024: सेमीफाइनल 2: विजेता ग्रुप 2 बनाम उपविजेता ग्रुप 1: प्रोविडेंस स्टेडियम, गुयाना: रात 08:00 बजे से (भारतीय समयानुसार)
29 जून, 2024: फाइनल: केंसिंग्टन ओवल, ब्रिजटाउन, बारबाडोस: शाम 07:30 बजे से (भारतीय समयानुसार)