पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 30 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए टीम इंडिया का चयन हो गया है। सोमवार को रोहित शर्मा और अजीत अगरकर ने मीडिया के सामने आकर टीम का ऐलान किया। चुनी गई टीम पर अगर नजर डालें तो पता चलता है कि आईपीएल की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस से सबसे अधिक खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं। खुद रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस से हैं।

आईपीएल की इन टीमों से चुने गए खिलाड़ी

एशिया कप 2023 के लिए घोषित भारतीय टीम में मुंबई इंडियंस के पांच खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, इशान किशन और जसप्रीत बुमराह भी मुंबई इंडियंस के ही प्लेयर हैं। इसके अलावा गुजरात टाइटंस से 3 प्लेयर, दिल्ली कैपिटल्स केकेआर और आरसीबी से 2-2 प्लेयर टीम इंडिया का हिस्सा हैं। वहीं सीएसके, लखनऊ और राजस्थान रॉयल्स से 1-1 खिलाड़ी को टीम में जगह मिली है।

किस फ्रेंचाइजी से किसे मिली जगह?

मुंबई के अलावा गुजरात टाइटंस से शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या और मोहम्मद शमी को टीम इंडिया में जगह दी गई है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स से अक्षर पटेल और कुलदीप, केकेआर से श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर को भारतीय टीम में चुना गया है। सीएसके से रविंद्र जडेजा, लखनऊ सुपर जायंट्स से केएल राहुल और राजस्थान रॉयल्स से प्रसिद्ध कृष्णा एशिया कप की भारतीय टीम का हिस्सा हैं। राजस्थान की ही टीम से संजू सैमसन बैकअप प्लेयर हैं।

पंजाब और हैदराबाद से एक भी प्लेयर नहीं

इनके अलावा 2 फ्रेंचाइजी ऐसी हैं, जिनसे किसी भी खिलाड़ी को टीम इंडिया में जगह नहीं मिली। वह फ्रेंचाइजी हैं पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद। पंजाब से अर्शदीप सिंह और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी रेस में जरूर थे, लेकिन उन्हें टीम में चुना नहीं गया।

एशिया कप के लिए घोषित भारतीय टीम

रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।

संजू सैमसन- बैकअप प्लेयर