भारतीय टीम ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के अपने चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाल स्कोर पहली पारी में बनाया है। भारत ने स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की 155 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की बदौलत पहले खेलते हुए 330 रन बना दिए। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया को 331 रन का लक्ष्य मिला है। हालांकि, भारत ने अपने आखिरी 6 विकेट 36 रन में ही खो दिए, मगर फिर भी भारत का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बन गया है।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मुकाबले में भी टॉस गंवाया था। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतते हुए पहले गेंदबाजी चुनी थी। इसके बाद स्मृति और प्रतिका की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत की और बाद में अपनी गीयर बदलते हुए तूफानी अंदाज अपनाया। स्मृति मंधाना ने इस पारी में 80 रन बनाए। जबकि प्रतिका रावल ने 75 रन की बेहतरीन पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर

इन्हीं दोनों की बदौलत भारत ने महिला वनडे इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओवरऑल दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जबकि पहली पारी के लिहाज से भारत का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं भारत का महिला वर्ल्ड कप इतिहास में भी यह सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2022 वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 317 रन बनाए थे।

इतना ही नहीं भारतीय टीम एकमात्र टीम है जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो बार 300 प्लस रन बनाए हैं। जबकि कोई टीम दुनियाभर में एक बार भी कंगारू टीम के खिलाफ ऐसा नहीं कर पाई है। लेकिन यह भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में सबसे बड़ा स्कोर है। जबकि वर्ल्ड कप से पहले वनडे सीरीज में दिल्ली में भारत ने 369 रन दूसरी पारी में बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला वनडे में सबसे बड़े स्कोर

  • 369 – भारत, दिल्ली, 2025 (दूसरी पारी)
  • 330 – भारत, विशाखापत्तनम, महिला वर्ल्ड कप 2025 (पहली पारी)*
  • 298/8 – इंग्लैंड, हैमिल्टन, 2022 वर्ल्ड कप (दूसरी पारी)
  • 292 – भारत, न्यू चंडीगढ़, 2025 (पहली पारी)
  • 288/6 – न्यूजीलैंड , नॉर्थ सिडनी, 2012 (पहली पारी)

महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत के सबसे बड़े स्कोर

330 बनाम ऑस्ट्रेलिया, विशाखापत्तनम, 2025*
317/8 बनाम वेस्टइंडीज, हैमिल्टन, 2022
284/6 बनाम वेस्टइंडीज, ब्रैबोर्न, 2013
281/3 बनाम इंग्लैंड, डर्बी, 2022
281/4 बनाम ऑस्ट्रेलिया, डर्बी, 2022

भारत की पारी अंत में लड़खड़ाई

इस पारी में भारत की शुरुआत बेहद शानदार थी। पहला विकेट 155 पर स्मृति मंधाना का गिरा। इसके बाद प्रतिका और हरलीन ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। फिर क्रीज पर आईं कप्तान हरमनप्रीत कौर जिन्होंने हरलीन देओल के साथ 42 रन जोड़े। इसके बाद हरलीन 38 और हरमनप्रीत 22 के रूप में भारत ने जल्दी दो विकेट गंवाए। 240 पर चार से जेमिमा (33) और ऋचा घोष (32) ने 54 रन की पार्टनरशिप कर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन उसके बाद कोई नहीं टिक सका और 36 रन में ही 330 तक पूरी टीम ऑलआउट हो गई। भारतीय टीम 48.5 ओवर ही खेल पाई।