भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रायपुर में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला हुआ। इस मैच में भारतीय टीम ने 358 रन बनाए और साउथ अफ्रीका ने 359 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए रिकॉर्ड जीत दर्ज की। इसके बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। भारत ने पहला वनडे 17 रनों से रांची में जीता था।
रायपुर वनडे में भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। खासतौर से विराट कोहली और ऋतुराज गायवाड़। इन दोनों ने शतक लगाए। विराट का यह दूसरा लगातार शतक था। इस मैच में कई रिकॉर्ड भी बने। ऐसे ही 10 रिकॉर्ड हम आपको बताते हैं जो रायपुर वनडे में देखने को मिले।
रायपुर में बने 10 बड़े रिकॉर्ड की लिस्ट
- 1- साउथ अफ्रीका ने 359 रन का लक्ष्य चेज करते हुए भारत में किसी टीम की सबसे बड़ी जीत के रिकॉर्ड को बराबर किया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी 2019 में 359 रन का लक्ष्य चेज किया था। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम ने 350 प्लस का रनचेज तीसरी बार करते हुए भारत व इंग्लैंड की बराबरी की।
- 2- भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर बनाया। इससे पहले 2010 में 401 रन ग्वालियर में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाए थे। वहीं यह 44वां मौका था जब भारतीय टीम के लिए एक पारी में दो बल्लेबाजों ने शतक लगाया। किसी भी टीम के लिए यह सबसे ज्यादा बार ऐसा करने का रिकॉर्ड भारत के नाम है।
- 3- विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7वां वनडे शतक लगाया। वह सबसे ज्यादा वनडे शतक इस टीम के खिलाफ लगाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे नंबर पर 5 शतक के साथ सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं ओवरऑल साउथ अफ्रीका के खिलाफ सचिन ने 12 शतक लगाए थे। जबकि विराट कोहली 10 शतक लगा चुके हैं।
- 4- विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप 2023 से अब तक लगातार तीसरा वनडे शतक ठोका है। वहीं रायपुर में यह उनका पहला शतक था। अब वह 34 अलग-अलग वेन्यू पर शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है।
- 5- विराट कोहली ने अपने करियर में 11वीं बार लगातार दो वनडे शतक लगाए हैं। वह ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। दूसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स हैं जिन्होंने 6 बार ऐसा किया है। वहीं रोहित शर्मा चार बार ऐसा कर चुके हैं।
- 6- साथ ही विराट अब इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने चार अलग-अलग टीमों के खिलाफ सात या उससे अधिक शतक लगाए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका 7, श्रीलंका 10, वेस्टइंडीज 9 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 शतक लगाए थे। वहीं सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 और श्रीलंका के खिलाफ 8 शतक लगाए थे।
- 7- विराट कोहली का भारत में यह 40वां शतक था। वह इस मामले में सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं जिनके नाम भारत में 42 शतक दर्ज हैं। रिकी पोंटिंग तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने 36 शतक ऑस्ट्रेलिया में लगाए हैं।
- 8- रोहित शर्मा ने भारत में अपने 9 हजार रन पूरे कर लिए। वह इस मामले में तीसरे भारतीय बने। भारत में सबसे ज्यादा रन भारतीय टीम के लिए सचिन तेंदुलकर ने 14192 और विराट कोहली ने 12475 रन बनाए हैं। रोहित ने राहुल द्रविड़ (9004 रन) को इस मामले में पीछे छोड़ा।
- 9- ऋतुराज गायकवाड़ ने 77 गेंद पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा। वह इस टीम के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बने। वह युसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए जिन्होंने 2011 में इस टीम के खिलाफ सेंचुरियन के मैदान पर 68 गेंद पर शतक जड़ा था।
- 10-भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस हारने के बाद लगातार अपना 20वां टॉस गंवाया है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 से टीम इंडिया लगातार वनडे में टॉस हार रही है। यह किसी भी टीम का टॉस हारने के मामले में सबसे बुरा रिकॉर्ड है। इससे पहले नीदरलैंड की टीम मार्च 2011 से अगस्त 2013 तक 11 बार वनडे क्रिकेट में टॉस हारी थी।
