IND Vs SA, 1st Test Match: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैच की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 26 दिसंबर 2023 को हुई। पहले दिन के पहले सेशन के बाद भारत का स्कोर 26 ओवर में 3 विकेट पर 91 रन था। एक समय भारत ने महज 24 रन पर ही रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के विकेट गंवा दिए थे। भारत की इस हालत के लिए काफी हद तक जिम्मेदार डेब्यूमैन नांद्रे बर्गर रहे।
India vs South Africa 1st Test Match Live Cricket Score: Watch Here
नांद्रे बर्गर ने लंच तक 5 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट झटक लिए थे। नांद्रे बर्गर को इस तरह विकेट पर विकेट झटकता देख राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया। राजस्थान रॉयल्स ने X पर लिखा, ‘क्या कर रहा है यार बर्गर।’ इसके बाद उसने widely varies वाली इमोजी भी पोस्ट की।
दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के लिए हुई नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने नांद्रे बर्गर को बतौर विदेशी गेंदबाज 50 लाख रुपए में खरीदा था। हालांकि, जब देश की बात आई तो उसने अपने ही खिलाड़ी को ट्रोल करने में देर नहीं लगाई। राजस्थान रॉयल्स ने इसके बाद माइक्रो ब्लागिंग साइट X पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें ‘BURGER vs KING’ लिखा हुआ था। आप नीचे दोनों पोस्ट देख सकते हैं।
नांद्रे बर्गर ने अपने पहले टेस्ट विकेट के रूप में यशस्वी जायसवाल को पवेलियन की राह दिखाई। नांद्रे बर्गर ने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को बड़ा शॉट खेलने के लिए ललचाया था। बर्गर की यह गेंद ऑफ स्टम्प के थोड़ा बाहर फुलर लेंथ थी। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और विकेट के पीछे काइल वेरिन ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। इस तरह नांद्रे बर्गर के नाम टेस्ट क्रिकेट में पहला विकेट हुआ।
रिव्यू पर मिला नांद्रे बर्गर को टेस्ट करियर का दूसरा विकेट
नांद्रे बर्गर ने अपने अगले ओवर (12वें) की पहली गेंद पर शुभमन गिल का विकेट झटक लिया। बर्गर की गेंद पर पहले मैदानी अंपायर ने गिल को आउट नहीं दिया था, लेकिन विकेटकीपर वेरिन और बर्गर की जोरदार अपील के बाद टेम्बा बावुमा ने रिव्यू ले लिया। बर्गर की यह गेंद लेग स्टम्प के बाहर लेंथ बॉल थी। गिल ने कट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद विकेटकीपर की तरफ गई। वहां वेरिन ने अपने दाईं ओर दोनों दस्तानों से गेंद लपकने में कोई गलती नहीं की।