भारतीय कप्तान (सीमित ओवर प्रारूप) रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। केएल राहुल टीम की अगुआई करेंगे। जसप्रीत बुमराह को उप-कप्तान बनाया गया है।

मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है, जबकि रविचंद्रन अश्विन और वाशिंगटन सुंदर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने शुक्रवार को फेसबुक लाइव पर इस बात की घोषणा की। इससे पहले रोहित शर्मा को वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया इस प्रकार है: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह (उप कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज।

स्पिनर रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। इन दोनों ने अभी फिटनेस हासिल नहीं की है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला वनडे 19 जनवरी, दूसरा 21 और तीसरा 23 जनवरी को खेला जाना है।

विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के विवाद पर भारत के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने कहा कि किसी ने उन्हें टी20 कप्तानी छोड़ने के लिए नहीं कहा था। चेतन शर्मा ने कहा, हम कप्तानी के लिए केएल राहुल को तैयार कर रहे है। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर दी है।

इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कोहली परिवार के साथ रहने के लिए वनडे सीरीज से ब्रेक लेना चाहते हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होने से पहले भारत के रेड बॉल कप्तान ने इस तरह की अटकलों को खारिज कर दिया था।

रोहित को भारत के एकदिवसीय कप्तान के रूप में पदोन्नत किया गया था। उनको हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह प्रियंक पांचाल ने ली। रोहित ने एकदिवसीय सीरीज से पहले फिट होने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हिटमैन ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलेशन भी किया, लेकिन चयनकर्ता जल्दी नहीं करना चाहते थे।

आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के लिए 8 पारियों में 207 रन बनाने के बावजूद शिखर धवन को टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए नहीं चुना गया था। तब चयनकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि उन्हें आराम दिया गया था।

टीम चुनने के दौरान चयनकर्ताओं ने विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऋषि धवन, शाहरुख खान, रवि विश्नोई, आवेश खान और हर्षल पटेल के नामों पर भी चर्चा की।