भारत-साउथ अफ्रीका तीसरे टी20 में तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। तिलक वर्मा ने शतक जड़ा तो वहीं अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक। इसके बदौलत भारतीय टीम ने 219 रन बनाए। सेंचुरियन में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन लगातार दूसरी पारी में डक पर आउट हुए। मार्को यानसेन ने फिर उन्हें बोल्ड किया। इसके बाद क्रीज पर तिलक वर्मा आए। उन्होंने यानसेन के ओवर की 5वीं और छठी गेंद पर चौका और छक्का लगाया।

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने भी आक्रामक तेवर दिखाए। अभिषेक और तिलक के बीच 52 गेंद पर 107 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक 25 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। केशव महाराज ने साझेदारी तोड़ी। इसके बाद भी तिलक ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी, जबकि एक ओर से विकेट गिरते रहे। उन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 107 रन बनाए। अभिषेक और तिलक की पारी पर टीम इंडिया से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल ने मजेदार पोस्ट किया।

पहले शर्मा जी का लड़का, अब वर्मा जी का लड़का

एक्स पर चहल ने तिलक वर्मा के साथ फोटो शेयर की और लिखा, ” पहले शर्मा जी का लड़का, अब वर्मा जी का लड़का। वेल प्लेड ब्रो।” उन्होंने तिलक को टैग भी किया। फोटो आईपीएल की है। चहल को राजस्थान रॉयल्स और तिलक को मुंबई इंडियंस के प्रैक्टिस ड्रेस में देखा जा सकता है। भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में अबतक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले युजवेंद्र चहल फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।

IND vs SA: चहल, बुमराह या भुवनेश्वर नहीं, T20I में भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं अर्शदीप हैं, आंकड़े दे रहे गवाही

भारतीय टीम से बाहर चल रहे चहल

चहल उस भारतीय टीम का हिस्सा थे, जो जून 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीती थी, लेकिन एक भी मैच नहीं खेले थे। इसके बाद से वह भारतीय टीम में नहीं चुने गए हैं। वह अगस्त 2023 के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेले हैं। इसके अलावा वह आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाज हैं। लीग में उन्हें छोड़कर किसी गेंदबाज ने 200 से ज्यादा विकेट नहीं लिए हैं, लेकिन फिर भी राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया।