भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में मंगलवार (9 दिसंबर) को 101 रनों की जीत के साथ दमदार शुरुआत की। कटक में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली बार टी20 में जीत मिली। इस जीत के नायक चोट से वापसी कर रहे ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या रहे।

हार्दिक को छोड़कर बाकी भारतीय और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। कप्तान सूर्यकुमार यादव और उप-कप्तान शुभमन गिल की फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है। गेंदबाजी की बात करें तो अर्शदीप सिंह ने गेंद से भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। भारत के सभी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लिए। वह तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले भारत के पहले ऑलराउंडर बने।

आइए जानते हैं भारत-साउथ अफ्रीका पहले टी20 की 10 बड़ी बातें

  • साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए। इसके बाद साउथ अफ्रीका को 12.3 ओवर में 74 रनों पर आउट करके 101 रनों से मैच जीता।
  • टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के मद्देनजर भारत-साउथ अफ्रीका सीरीज महत्वपूर्ण है। भारत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) और उप-कप्तान शुभमन गिल (4) का फॉर्म चिंता का विषय है। दोनों ही खिलाड़ी लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
  • साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए। गिल और सूर्यकुमार के अलावा तिलक वर्मा (26) को पवेलियन भेजा।
  • एशिया कप के दौरान चोटिल हुए हार्दिक पंड्या ने शानदार वापसी करते हुए 28 गेंद पर 59 रनों की पारी खेलकर दमदार वापसी की। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। 210.71 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
  • अर्शदीप सिंह ने साउथ अफ्रीका की पारी में पहले ओवर की दूसरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक को आउट किया। इसके बाद तीसरे ओवर में उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को पवेलियन भेजा। वह भारत के लिए पावरप्ले में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार ने 47 विकेट लिए हैं।
  • जसप्रीत बुमराह ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट करके टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे किए। वह भारत के लिए टी20 में अर्शदीप के बाद यह करनामा करने वाले दूसरे गेंदबाज बने। वह तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय और दुनिया के पांचवें गेंदबाज बने।
  • जितेश शर्मा ने कटक में विकेट के पीछे 4 शिकार किए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और दिनेश कार्तिक के क्लब में एंट्री मार ली। धोनी ने एक बार 5 शिकार किए हैं। इसके अलावा तीन बार 4 शिकार किए हैं। दिनेश कार्तिक ने 1 बार 4 शिकार किए हैं।
  • भारत के खिलाफ टी20 में पांचवीं बार कोई टीम 100 से कम के स्कोर पर आउट हुई। यूएई 57, न्यूजीलैंड 66, आयरलैंड 70, साउथ अफ्रीका 74 और इंग्लैंड 80 रन पर आउट हुआ है।
  • साउथ अफ्रीका का यह टी20 में सबसे कम स्कोर था। वह छठी बार 100 से कम के स्कोर पर आउट हुआ। 3 बार पह भारत के खिलाफ 100 से कम के स्कोर पर आउट हुआ है।
  • हार्दिक पंड्या को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज कटक में खेले गए टी20 में अर्धशतक नहीं लगा पाया। भारतीय टीम ने 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी ने विकेट लिए।