Asian Champions Trophy 2023: पाकिस्तान की हॉकी टीम (Pakistan Hockey Team) गुरुवार 3 अगस्त 2023 से चेन्नई में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार एक अगस्त को अटारी वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत पहुंची। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मैच नौ अगस्त को खेला जाएगा।

पाकिस्तान की टीम सड़क के रास्ते अमृतसर पहुंचने के बाद मंगलवार एक अगस्त 2023 की रात विमान से चेन्नई के लिए रवाना होगी। इस बीच हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय हॉकी टीम भी मंगलवार को चेन्नई पहुंची। भारतीय टीम गुरुवार को चीन के खिलाफ मैच से पहले बुधवार को मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में अभ्यास करेगी। पाकिस्तान की टीम भी इस दिन अभ्यास करेगी।

इस प्रकार है पाकिस्तान की टीम

मुहम्मद उमर भट्टा (कप्तान), अकमल हुसैन, अब्दुल्ला इश्तियाक खान, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, एहतशाम असलम, ओसामा बशीर, अकील अहमद, अरशद लियाकत, मुहम्मद इमाद, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, राणा अब्दुल वहीद अशरफ (उप कप्तान), रोमन, मुहम्मद मुर्तजा याकूब, मुहम्मद शाहजेब खान, अफ़राज, अब्दुल रहमान। स्टैंडबाय: अली रजा, मुहम्मद बाकिर, मुहम्मद नदीम खान, अब्दुल वहाब, वकार अली, मुहम्मद अरसलान और अब्दुल कय्यूम।

IND vs PAK | Pakistan Hockey Team | India vs Pakistan | Attari Border | Chennai | Asian Champions Trophy |
अटारी सीमा पर पहुंचने पर हॉकी पंजाब ने पाकिस्तान हॉकी टीम का स्वागत किया। (सोर्स- ट्विटर/@TheHockeyIndia)

2010 में महिला टीमों की शुरू हुई थी प्रतियोगिता

एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पहली बार 2010 में महिला टीमों की प्रतियोगिता के रूप में शुरू की गई थी। महिलाओं की एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की सफलता के बाद 2011 में महाद्वीप की 6 शीर्ष टीमों के साथ पुरुषों की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। साल 2013 तक एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हर साल होता था। हालांकि, 2016 के बाद से टूर्नामेंट का आयोजन हर दो साल में किया जाने लगा।

भारत-पाकिस्तान 3-3 बार रह चुके हैं चैंपियन

कोरोनावायरस (COVID-19) महामारी के कारण 2020 के सीजन 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। भारत और पाकिस्तान दोनों ने अब तक 3-3 बार टूर्नामेंट जीता है। दोनों साल 2018 में संयुक्त रूप से विजेता रहे थे। दक्षिण कोरिया मौजूदा चैंपियन है। दक्षिण कोरिया ने 2021 में पिछले सीजन के फाइनल में जापान को हराया था।