IND vs NZ Semi-Final Wankhede Stadium Stadium Pitch Report in Hindi: क्रिकेट जगत की दो दिग्गज टीमें भारत और न्यूजीलैंड बुधवार 15 नवंबर को आईसीसी पुरुष विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल मैच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ेंगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा। यह वही मैदान है जहां रोहित शर्मा की टीम इस टूर्नामेंट में श्रीलंका को 302 रन से हरा चुकी है।
भारत-न्यूजीलैंड दूसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने
यह दूसरी बार है जब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इससे पहले विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में दोनों की भिड़ंत हुई थी। बारिश से प्रभावित उस मैच में न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की थी। मेजबान भारत रविवार 12 नवंबर को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अंतिम मैच के बाद ग्रुप चरण की अंक तालिका में शीर्ष पर रहा।
विश्व कप 2023, पहला सेमीफाइनल: भारत बनाम न्यूजीलैंड, वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम अपने उच्च स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है। स्टेडियम की बाउंड्री छोटी है, इसलिए इस मैदान पर आसानी से चौके और छक्के लग सकते हैं। गेंदबाजों के नजरिए से देखें तो पिच से स्पिनर्स को थोड़ी मदद मिलती है, लेकिन बाउंड्री छोटी होने के कारण उनके लिए समस्या भी पैदा होती है।
इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 261 रन है। वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 14 मैच जीते गए हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 मैच जीते गए हैं। वानखेड़े स्टेडियम में उच्चतम स्कोर 438/4 है, जो साउथ अफ्रीका ने 2015 में मेजबान भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया था।
विश्व कप 2023, पहला सेमीफाइनल: भारत बनाम न्यूजीलैंड, मुंबई की मौसम रिपोर्ट
नवंबर में मुंबई का मौसम बहुत गर्म होता है। औसत तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। निवासियों को इस दौरान नियमित रूप से पानी पीने की सलाह दी जाती है। आप नवंबर में मुंबई में कुछ बारिश होने की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन आमतौर पर इस महीने में मौसम आरामदायक रहता है।
एक्यूवेदर (AccuWeather) के अनुसार, मुंबई में 15 नवंबर को धूप खिली रहेगी। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और आर्द्रता 44 फीसदी रह सकती है। बारिश का कोई खतरा नहीं है।
विश्व कप 2023, पहला सेमीफाइनल: भारत बनाम न्यूजीलैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 117 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच हो चुके हैं। इसमें भारत का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। भारत ने 59 बार जीत हासिल की है, जबकि उसे 50 बार हार झेलनी पड़ी है। सात मुकाबलों में नतीजा नहीं निकला, जबकि एक मैच टाई रहा। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले 5 में से 4 में जीत हासिल की है। पिछले साल 30 नवंबर को एक मैच का नतीजा नहीं निकला था।