भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु में पहले टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया। दिन की शुरुआत बारिश से ही हुई थी। बीच में कुछ समय के लिए बारिश रुकती कर्वस हटते और फिर बारिश होने लगती। आखिरकार दिन के खेल को रद्द करना पड़ा। मैच अधिकारियों ने अब दूसरे दिन के खेल का समय बदल दिया है जिसके बारे में उन्होंने अपडेट दी।

बारिश के कारण नहीं हुआ था पहले दिन का खेल

अंपायरों और अन्य मैच अधिकारियों ने दोपहर दो बजे मैदान का मुआयना किया जब दिन में पहली बार थोड़ी देर के लिये बारिश रुकी। लेकिन हालात को देखकर दो बजकर 34 मिनट पर खेल रद्द करने का फैसला किया गया। इससे पहले आउटफील्ड कवर और पिच पर डाले कवर की पहली परत मुआयने के लिये हटाई गई तो दर्शक काफी रोमांचित हो गए। लेकिन सुबह से हो रही बारिश के कारण खेल हो पाना संभव नहीं था।

आधिकारिक तौर पर बताया गया कि पहले दिन के खेल के रद्द होने के कारण ओवर्स की कमी को पूरा करने की कोशिश की जाएगी। दूसरे दिन का खेल तय समय 15 मिनट पहले शुरू होगा। यानी नौ बजे टॉस होने के बाद पहला सेशन साढ़े नौ बजे नहीं बल्कि नौ बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा।

दूसरे दिन के सेशन का टाइमिंग

पहले सेशन में भी 15 मिनट का खेल अतिरिक्त होगा। यानी पहले सेशन का खेल दो घंटे नहीं बल्कि दो घंटे 15 मिनट का होगा। वहीं दूसरे सेशन में भी 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। मैच ऑफिशियल कोशिश में है कि पहले दिन के रद्दे होने के असर को जितना संभव हो कम किया जा सके।

सुबह का सेशन: 9:15 -11:30
दोपहर का सेशन: 12:10 – 14:25
शाम का सेशन: 14:45 – 16:45

खराब मौसम के बावजूद मैदान पर काफी तादाद में दर्शक जमा थे। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को इंडोर अभ्यास करते देखकर दर्शक काफी रोमांचित भी हो गए। दूसरे दिन भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। दोनों टीमें बारिश के कारण अभ्यास भी नहीं कर सकी थी।