चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत के कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे। उन्हें हैमस्ट्रिंग में दिक्कत हुई थी। भारतीय टीम एक हफ्ते बाद रविवार (2 मार्च) को मैच खेलने उतरी। रोहित शर्मा खेलने उतरे, लेकिन वह फिट नहीं हैं। इसके संकेत भारत की पारी में चौथे ओवर में मिले। स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री कर रहे दिनेश कार्तिक ने रोहित को रन लेते हुए देखकर इसके बारे में बताया।

रोहित शर्मा लय में दिख रहे थे। उन्होंने मैट हेनरी को पहले ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़ा। इसके बाद तीसरे ओवर में हेनरी को छक्का भी जड़ा, लेकिन इस शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। वह पुल शॉट खेलने के प्रयास में काइल जेमिसन की गेंद पर मिड विकेट पर विल यंग को कैच दे बैठे। उन्होंने 17 गेंद पर 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रन बनाए।

रोहित शर्मा अनफिट

रोहित शर्मा ने चौथे ओवर में काइल जेमिसन की 5वीं गेंद को डीप बैकवर्ड पॉइंट की ओर खेला और 2 रन लिए। उन्होंने पहला रन आराम से लिया। दूसरे रन के लिए भागते ही वह तकलीफ में दिखे। दिनेश कार्तिक ने इसके बारे में बताया। फिर रिप्ले दिखाया गया। इसमें साफ पता चला कि रोहित दिक्कत में हैं। इसके बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली को 5वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल लेने के मना किया। कार्तिक ने इसका कारण रोहित की हैमस्ट्रिंग में दिक्कत को बताया।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत ने 6.4 ओवर में 30 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल 2, रोहित शर्मा 15 और विराट कोहली 11 रन बनाकर आउट हुए। मैट हेनरी को 2 विकेट मिले। काइल जेमिसन को 1 विकेट मिला। इससे पहले भारत ने लगातार 13वें मैच में टॉस हारा। रोहित शर्मा ने हर्षित राणा की जगह वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें