चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद लंबा आराम मिला। ग्रुप ए के आखिरी मैच में भारत का मुकाबला रविवार (2 मार्च) को न्यूजीलैंड से होगा। इससे पहले भारतीय टीम ने बुधवार (26 फरवरी) को दुबई स्थिति आईसीसी एकेडमी में लाइट्स में अभ्यास किया। उपकप्तान शुभमन गिल के बीमार होने की कयासबाजी लगाई जा रही थी। हालांकि, गुरुवार (27 फरवरी) को भारतीय टीम को आराम करना था तब शुभमन गिल ने अभ्यास किया। इसके लिए वह आईसीसी एकेडमी पहुंचे। इससे उनके बीमार होने की कयासबाजी खत्म हो गई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार उपकप्तान शुभमन गिल ने गुरुवार को दुबई में आईसीसी एकेडमी में “अनौपचारिक ट्रेनिंग सत्र” में हिस्सा लिया। थ्रोडाउन विशेषज्ञ, कुछ सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के साथ, आईसीसी की ट्रेनिंग फैसलिटी में गिल के साथ थे। वे शाम को टीम होटल लौट आए। गिल के साथ कोई अन्य खिलाड़ी था या नहीं यह जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकांश खिलाड़ियों ने आराम किया या शहर में घूमे।
शुभमन गिल ने दोपहर में की ट्रेनिंग
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र के हवाले से कहा गया, ” शुभमन गिल ने अनौपचारिक सत्र के लिए सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के साथ ट्रेनिंग की। चूंकि यह ऑफिशियल ट्रेनिंग डे नहीं था, इसलिए यह पर्सनल ट्रेनिंग सेश जैसा लग रहा था। यह मैराथन ट्रेनिंग सेशन नहीं थी और दोपहर में हुई।”
भारत का अगला नेट सेशन
भारत ने बुधवार (26 फरवरी) को लाइट्स में अभ्यास किया और शुभमन गिल को छोड़कर सभी खिलाड़ी इसमें शामिल हुए। भारतीय उपकप्तान ने छूटे हुए सत्र की भरपाई की और गुरुवार को अभ्यास किया। वह शुक्रवार को टीम के सत्र में भी शामिल होंगे, जो 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मैच से पहले उनका आखिरी सेशन होगा।
रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग में दिक्कत
न्यूजीलैंड को दोपहर में ट्रेनिंग करनी है जबकि भारत लाइट्स में ट्रेनिंग जारी रखेगा। सभी की निगाहें रोहित शर्मा पर होंगी क्योंकि भारतीय कप्तान ने बुधवार को बहुत अधिक मेहनत नहीं की। स्ट्रेंथ एंड कंडिशनिंग कोच सोहम देसाई की निगरानी में हल्की जॉगिंग की। रोहित को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेंगे या नहीं इसके संकेत शुक्रवार (28 फरवरी) मिल जाएंगे।