पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम गुरुवार (24 अक्टूबर) को दूसरा टेस्ट खेलने उतरेगी तो वह 3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी। भारत पहले भी ऐसी स्थिति में रह चुका है। वह घरेलू टेस्ट सीरीज में 1-0 से पिछड़ चुका है। ऐसा 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था। फिर 2021 और 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ। तीनों बार भारतीय टीम सीरीज जीतने में सफल रही।

IND vs NZ 2nd Test LIVE Score: Watch Here

इससे भी दमदार रिकॉर्ड यह है कि भारतीय टीम बीते 12 साल से घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज नहीं हारी है, लेकिन अब उसकी बादशाहत खतरे में दिखाई दे रही है। 2013 से 2022 के बीच 10 साल में घरेलू सरजमीं पर भारतीय टीम सिर्फ 2 टेस्ट हारी। अब पिछले 2 साल यानी 2023 से 2024 में भारतीय टीम 3 टेस्ट हार गई है। इनमें से 2 टेस्ट वह 2024 में ही हारी है। 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर में हराया था। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड ने हैदराबाद में हराया था। इसके बाद न्यूजीलैंड ने बेंगलुरु में भारत को हराया।

भारत को भारत में हराना सबसे कठिन चुनौती

टेस्ट क्रिकेट में भारत को भारत में हराना सबसे कठिन चुनौती है, लेकिन पिछले दो सालों में विदेशी टीमें यहां पहले से ज्यादा बार टेस्ट जीत रही हैं। यह शायद ट्रांजिशन का संकेत है। रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, विराट कोहली और रोहित शर्मा का क्रिकेट करियर आखिरी स्टेज में हैं। हालांकि, गुरुवार को शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में भारत प्रबल दावेदार बना हुआ है। न्यूजीलैंड ने बेंगलुरु में जीत हासिल की, लेकिन इसमें मौसम, गलत टॉस और टीम चयन का योगदान था।

ICC टेस्ट रैंकिंग में श्रेयस अय्यर से भी नीचे केएल राहुल, टॉप-50 से बाहर; इस भारतीय खिलाड़ी ने लगाई 31 स्थान की छलांग

भारत अब घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगा

पुणे में बेंगलुरु जैसे हालात नहीं होंगे। भारत अब घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगा। पुणे की पिच कैसी होगी इसका पता मैच शुरू होने के बाद ही चलेगा, लेकिन एक चीज साफ है कि यह न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के लिए बहुत कम मददगार होगी। भारत का स्पिन आक्रमण बेहतर कौशल और नियंत्रण दिखाएगा। इससे जीत मिलने की गारंटी नहीं है, लेकिन परिस्थितियां भारत के खिलाफ नहीं होंगी।