अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद भारत को इंग्लैंड से 5 टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का हिस्सा है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की पॉंइटंस टेबल में इंग्लैंड की टीम अभी सिर्फ श्रीलंका से ऊपर है यानी 8वें नंबर पर है। उसके 5 मैच में 9 अंक हैं और उसका पर्सेंटाइल 15.00 है। भारत के 4 टेस्ट मैच में 26 अंक हैं। भारतीय टीम का पर्सेंटाइल 54.16 है और वह दूसरे नंबर पर है।
WTC POINTS TABLE: भारत अभी दूसरे नंबर पर
टीम इंडिया की नजर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतकर डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचने की होगी। वहीं, इंग्लैंड भी अपना प्रदर्शन सुधारने की ओर देखेगा। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के पास एक और कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका होगा।
कोहली अभी तीसरे नंबर पर
विराट कोहली ने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 56.38 के औसत से 1015 टेस्ट रन बनाए हैं। इसमें उनके 3 शतक, 4 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनका उच्चमत स्कोर 235 रन है। अभी घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने भारतीय होने का रिकॉर्ड महान सुनील गावस्कर के नाम है।
अभी सुनील गावस्कर हैं शीर्ष पर
सुनील गावस्कर ने 22 टेस्ट मैच में 35.97 के औसत से 1331 रन बनाए थे। इसमें उनके 2 शतक, 8 अर्धशतक भी शामिल हैं। विराट कोहली अभी इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर गुंडप्पा विश्वनाथ हैं। गुंडप्पा विश्वनाथ ने 17 टेस्ट मैच में 36.50 के औसत से 1022 रन बनाए थे। उनका उच्चतम स्कोर 222 रन था। विराट कोहली यदि आगामी सीरीज में 317 रन बना लेते हैं तो वह इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बन जाएंगे।
जो रूट के लिए हो सकती है खास सीरीज
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट के लिए भी यह सीरीज खास होने वाली है। जो रूट ने भारत में टीम इंडिया के खिलाफ अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 50.10 के औसत से 952 रन बनाए हैं। इसमें उनके 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं।
अभी एलिस्टर कुक हैं ‘नंबर वन अंग्रेज’
भारत में टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले इंग्लिश क्रिकेटर एलिस्टर कुक हैं। एलिस्टर कुक ने 2006 से 2016 के दौरान भारत में 13 टेस्ट मैच खेले। इसमें उन्होंने 51.45 के औसत से 1235 रन बनाए थे, जिसमें 5 शतक और 4 अर्धशतक भी शामिल हैं।
‘नंबर वन अंग्रेज’ बनने के लिए रूट को चाहिए 284 रन
जो रूट यदि भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 284 रन बना लेते हैं तो वह नंबर वन अंग्रेज बल्लेबाज बन जाएंगे। मतलब वह भारत में टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले इंग्लिश क्रिकेटर बन जाएंगे।