भारतीय टीम को 22 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है। दोनों टीमें सीरीज के लिए कोलकाता पहुंच चुकी हैं। मैच से पहले भारतीय टीम मस्ती के मूड में नजर आई। इसकी झलक भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी झलक दिखाई। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का इसपर रिएक्शन भी मजेदार दिया।
संजू सैमसन ने शेयर किया वीडियो
संजू सैमसन ने वीडियो शेयर किया है जिसमें वह होटल के रेस्त्रां में सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों के पास माइक है वह बॉलीवुड गाना ‘पहला नशा पहला खुमार’ गा रहे थे। संजू सैमसन के हाथ में फोन था जिसपर वह गाने के बोल पढ़ रहे थे। इस दौरान टीम के बाकी खिलाड़ी भी वहां मौजूद थे और संजू सैमसन का वीडियो बना रहे थे।
संजू सैमसन के पोस्ट पर सूर्यकुमार का रिएक्शन
संजू सैमसन ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘कुछ भी नामुमकिन नहीं है। मैं मुंबई आ सकता हूं?’ लोकप्रिय टीवी सिंगिंग शो में ऑडिशन क्लियर करने वालों को मुंबई का टिकट देकर कहा जाता था कि आप मुंबई आ सकते हैं। संजू सैमसन ने इसी कारण यह लाइन लिखी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वीडियो पर कमेंट किया। उन्होंने लिखा, ‘आप मुंबई आ सकते हैं लेकिन चेन्नई, राजकोट और पुणे में ऑडिशन देने के बाद।’इस वीडियो पर 10 घंटे में ढाई लाख लाइक्स थे। फैंस को संजू सैमसन की यह प्रतिभा बहुत पसंद आई।