भारत-इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का निर्णायक मैच शनिवार (2 अगस्त) को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। ओवल टेस्ट के तीसरे दिन अंतिम सत्र में भारतीय टीम 396 रन बनाकर आउट हुई। इंग्लैंड को 374 रन का लक्ष्य मिला। लंदन के द ओवल स्टेडियम में कभी भी 263 से ज्यादा का लक्ष्य चौथी पारी में हासिल नहीं हुआ।
अगर भारत को इंग्लैंड हरा देता है तो वह 123 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देगा। 1902 में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 263 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इंग्लैंड को 1 विकेट से जीत मिली थी। यह ओवल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड है। 21वीं सदी में कभी भी 219 से ज्यादा का लक्ष्य यहां हासिल नहीं हुआ। केवल 1 बार 200 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ है। श्रीलंका ने 2024 में 219 रन का लक्ष्य चेज करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
केवल 4 बार 220 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ
ओवल में केवल 4 बार 220 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ है। 1902 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड ने 263 का लक्ष्य हासिल किया था। वेस्टइंडीज ने 1963 में इंग्लैंड के खिलाफ 252 का लक्ष्य हासिल किया था। 1972 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 242 का लक्ष्य हासिल किया था। 1988 में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ 225 रन का लक्ष्य हासिल किया। फिर श्रीलंका ने 2024 में 219 रन का लक्ष्य हासिल किया।
2-2 से सीरीज बराबर करने का मौका
इस मैदान पर भारत का सर्वोच्च सफल रन चेज 173 रन का है, जो उसने 1971 में इंग्लैंड के खिलाफ हासिल किया था। अगर भारतीय टीम 374 रन के लक्ष्य को बचा लेती है तो वह 5 मैचों की सीरीज को 2-2 से बराबर करा लेगी। शुभमन गिल की अगुआई वाली इस युवा टीम के लिए यह राहत भरी खबर होगी। बगैर रोहित शर्मा और विराट कोहली यह भारत की पहली टेस्ट सीरीज थी।
ओवल में टेस्ट में सफल रन चेज का रिकॉर्ड
लक्ष्य: 263 – इंग्लैंड (263/9) बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1902
लक्ष्य: 252 – वेस्टइंडीज (255/2) बनाम इंग्लैंड, 1963
लक्ष्य: 242 – ऑस्ट्रेलिया (242/5) बनाम इंग्लैंड, 1972
लक्ष्य: 225 – वेस्टइंडीज (226/2) बनाम इंग्लैंड, 1988
लक्ष्य: 219 – श्रीलंका (219/2) बनाम इंग्लैंड, 2024