इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन बुधवार (23 जुलाई) को भारत को बड़ा झटका लगा। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से बाहर गए। लॉर्ड्स टेस्ट में उंगली की चोट के कारण विकेटकीपिंग नहीं कर पाने वाले ऋषभ पंत को मैनचेस्टर टेस्ट में क्रिस वोक्स को रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में चोट लगी। यॉर्कर गेंद जूते पर लगी और उनका पैर कट गया। इसके कारण वह खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उन्हें एंबुलेस के तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली गोल्फ कार्ट से मैदान से बाहर ले जाया गया।
ऋषभ पंत को 67वें ओवर की चौथी गेंद पर चोट लगी। पंत ने क्रिस वोक्स को रिवर्स स्वीप लगाने का प्रयास किया। एलबीडब्ल्यू की अपील हुई। अंपायर ने नॉट आउट दिया। रिव्यू में पता चला कि गेंद पंत के पैर पर लगने से पहले बल्ले पर लगी। इसके बाद पंत काफी दर्द में दिखे। फिजियो मैदान पर आए। उन्हें दाएं पैर में कानी उंगली के पास चोट लगी। खून भी निकला। जहां चोट लगी वहां सूजन देखने को मिला। पंत इतने दर्द में थे कि वह खड़े नहीं हो पा रहे थे। उन्हें मैदान से बाहर जाने के लिए एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ा।
क्या ऋषभ पंत फिर बल्लेबाजी करने आ सकते हैं, जानें ध्रुव जुरेल रिप्लेसमेंट हो सकते हैं या नही?
ऋषभ पंत बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे
ऋषभ पंत जब चोटिल हुए तब वह 48 गेंद पर 37 रन बनाकर क्रीज पर थे। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्के लगाए। भारत का स्कोर 3 विकेट पर 212 रन था। पंत और साई सुदर्शन के बीच 72 रन की साझेदारी हुई थी। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंत जब क्रीज पर आए तब भारत का स्कोर 3 विकेट पर 140 रन था।
राहुल, जायसवाल और गिल आउट
भारत ने केएल राहुल 46, यशस्वी जायसवाल 58 और कप्तान शुभमन गिल 12 रन के विकेट गंवा दिए थे। क्रिस वोक्स, बेन स्टोक्स और लियाम डॉसन को विकेट मिले। भारतीय टीम इस मैच में 3 बदलाव के साथ उतरी। करुण नायर, आकाशदीप और नितीश कुमार रेड्डी की जगह साई सुदर्शन, शार्दुल ठाकुर और अंशुल कम्बोज को मौका मिला।