कोविड-19 कोरोनावायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या में रोजना इजाफा हो रहा है। इस जानलेवा वायरस के कारण जनजीवन ठप सा हो गया है। खेल की दुनिया से जुड़े लोग भी इससे अछूते नहीं हैं। इस वायरस के कारण दुनिया भर में क्रिकेट और खेल की प्रतियोगिताएं या तो स्थगित कर दी गईं हैं या फिर रद्द कर दी गई हैं। भारत में भी सभी खेल गतिविधियों फिलहाल के लिए रोक दी गईं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाने का आग्रह किया है। ऐसे में खिलाड़ी अपने घरों में रहने को मजबूर हैं।

हालांकि, इसे वे कोई बंधन नहीं मान रहे हैं, बल्कि उन्होंने एन्ज्वॉय करने का नया तरीका निकाल लिया है। वे सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ रहे हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या उनकी मंगेतर नताशा स्टानकोविक, उनके बड़े भाई क्रुणाल पंड्या और उनकी भाभी यानी क्रुणाल की पत्नी पंखुड़ी शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो के जरिए पंड्या फैमिली फैंस को अपडेट देने के साथ-साथ अपना और उनका मनोरंजन भी कर रही है। पंड्या फैमिली के मस्ती करने वाले इस वीडियो को पंखुड़ी शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए पंखुड़ी ने सभी को घर में रहने और सकारात्मक (पॉजिटिव) बने रहने की सलाह दी है।

पंखुड़ी के शेयर किए हुए वीडियो में हार्दिक, क्रुणाल, वे खुद और नताशा स्टानकोविक बारी-बारी से एक ही धुन पर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। क्रुणाल और पंखुड़ी की शादी 2017 में हुई थी। हार्दिक पंड्या ने इस साल के पहले दिन यानी Happy New Year को नताशा स्टानकोविक से दुबई में सगाई की थी।

आईपीएल के 15 अप्रैल तक टलने और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का मुख्यालय बंद होने से बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली को भी अपने व्यस्त कार्यक्रम से कुछ दिन तक छुट्टी लेने का मौका मिल गया है। कोरोनावायरस के कारण खेल से जुड़ी गतिविधियों पर विराम लग गया है। बीसीसीआई ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। आईपीएल को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। गांगुली ने संकेत दिए हैं अगर 15 अप्रैल के बाद चीजों में सुधार होता है तो इस टूर्नामेंट को छोटा किया जा सकता है।