देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव में सोमवार को विभिन्न खेलों के खिलाड़ी भी शामिल हो गए। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, वीवीएस लक्ष्मण, मोहम्मद शमी, चेतेश्वर पुजारा, मिताली राज, हॉकी खिलाड़ी श्रीजेश पीआर से लेकर रानी रामपाल और कई अन्य खिलाड़ियों ने देश को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर, सुरेश रैना और वीरेंद्र सहवाग ने भी खुद के भारतीय होने पर गर्व जताया है।

इस साल 15 अगस्त विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को खेल स्पर्धाओं में भारत की हालिया सफलता का श्रेय चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को दिया। 76वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए, मोदी ने कहा, ‘हमने पिछले दिनों खेलों में देखा। ऐसा तो नहीं था कि पहले प्रतिभाएं नहीं थीं। पहले चयन भाई-भतीजावाद से गुजरता था। वे खेल के मैदान तक तो पहुंच जाते थे, लेकिन जीत-हार से उन्हें कोई लेना-देना नहीं था।’

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने विशेष अंदाज में लिखा, ‘न पूछो ज़माने को कि क्या मेरी कहानी है, हमारी पहचान तो बस इतनी है कि हम हिंदुस्तानी है। हर करम अपना करेंगे ए वतन तेरे लिए दिल दिया है…जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए!! स्वतंत्रता दिवस की आप सभी को अनेक शुभकामनाएं।’ सहवाग ने इसके साथ ही एक तस्वीर भी पोस्ट की है जिसमें वह तिरंगा बना रहे हैं। इसके नीचे उन्होंने कैप्शन दिया है ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा।’

चेतेश्वर पुजारा इन दिनों काउंटी क्रिकेट के लिए इंग्लैंड में हैं। उन्होंने इंग्लैंड में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, भारत! हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और उन सभी लोगों को सलाम जो हमारे राष्ट्र को महान बनाने के लिए अंतहीन काम करते हैं। एक भारतीय होकर धन्य हूं। जय हिंद। #IndependenceDay

भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एमएस धोनी सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं, लेकिन उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिछले दो वर्षों में पहली बार इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर बदली। उन्होंने तिरंगे के साथ तस्वीर डाली और संस्कृत में कैप्शन लिखा। आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफियां जीतने वाले एकमात्र भारतीय कप्तान धोनी ने लिखा, ‘धन्य अस्मि भारतवेन।’

उन्होंने इसका हिंदी और अंग्रेजी अनुवाद भी साथ में दिया है। धोनी ने लिखा है, ‘भाग्य है मेरा मैं एक भारतीय हूं।’ पूर्व भारतीय कप्तान और धोनी के प्रशंसक विराट कोहली ने भी इसके बाद ट्विटर पर अपनी तस्वीर बदली और उसमें तिरंगा लगाया। उन्होंने लिखा, ‘75 गौरवशाली वर्ष। एक भारतीय होने पर गर्व है। सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिंद।’

वसीम जाफर ने लिखा, ‘सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्ताँ हमारा, हम बुलबुलें हैं इस की ये गुलसिताँ हमारा! दुनिया भर के मेरे साथी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। #IndependenceDay2022’ पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘इस जमीन पर अपना ये तिरंगा ऐसे ही लहराता रहे। आप सभी को 75वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय होने पर गर्व है।’

मोहम्मद शमी ने घर की छत पर तिरंगा लहराते हुए का वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘आज का दिन इस महान राष्ट्र का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करने का दिन है। स्वतंत्रता की यह भावना हम सभी को जीवन में सफलता और गौरव की ओर ले जाए। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं!’

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने भी भारत को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी। इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलकर भारत में अपने कई प्रशंसक बनाने वाले सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी इनमें शामिल हैं। वॉर्नर ने तिरंगे की तस्वीर के साथ लिखा, ‘भारत में हमारे परिवार और दोस्तों के लिए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।’

ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की पूर्व कप्तान और पुणे में जन्मी लिसा स्टालेकर ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने लिखा, ‘जितना भी मैं उस देश की यात्रा करती हूं, जहां मेरा जन्म हुआ उतना ही मुझे स्वतंत्रता से पहले और बात के समय के बारे में जानने को मिलता है। एक उज्जवल भविष्य का निर्माण।’

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। पीटरसन ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘भारत गर्व करो और लंबा खड़े रहो। आप सभी के लिए एक बेहतर कल का निर्माण कर रहे हैं।’ इसके अलावा अभिनव बिंद्रा, पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया, सानिया मिर्जा, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, शिखर धवन, मिताली राज, हार्दिक पंड्या समेत देश के अन्य खिलाड़ियों ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।