रुतुराज गायकवाड़ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में भी अपनी जगह बनाने में सफल हुए हैं। वह अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके हैं। आईपीएल 2021 में वह एमएस धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) का हिस्सा थे। टीम मैनेजमेंट ने उन्हें इस बार भी रिटेन किया है।
महाराष्ट्र के पुणे में 31 जनवरी 1997 को जन्में रुतुराज गायकवाड़ अपने शानदार प्रदर्शन के अलावा एक और वजह से भी चर्चा में रहे हैं। उनका नाम मराठी एक्ट्रेस सयाली संजीव के नाम से भी जुड़ चुका है। सयाली से अफेयर की खबरों पर ऋतुराज अपनी चुप्पी भी तोड़ चुके हैं।
सयाली मशहूर मराठी एक्ट्रेस हैं। वह कई सीरियल में नजर आ चुकी हैं। खास यह है कि सयाली संजीव और रुतुराज गायकवाड़ दोनों एक ही दिन अपना जन्मदिन मनाते हैं। सयाली का जन्म महाराष्ट्र के धुले में 31 जनवरी 1993 को हुआ था। सयाली उम्र में रुतुराज गायकवाड़ से बड़ी भी हैं।
दरअसल, रुतुराज गायकवाड़ और सयाली संजीव के रिलेशनशिप की खबरें तब सोशल मीडिया पर उड़ीं थीं, जब माही के ओपनर ने एक्ट्रेस सयाली संजीव की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट किया था। सयाली ने भी रुतुराज गायकवाड़ पर प्रतिक्रिया देने में देर नहीं लगाई थी।
हालांकि, बाद में रुतुराज गायकवाड़ ने सयाली संजीव के साथ अपने अफेयर की चर्चाओं को अफवाह करार दिया था। रुतुराज गायकवाड़ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सफाई पेश करते हुए सभी अटकलों पर विराम लगा दिया था। उन्होंने मराठी में लिखा था, ‘सिर्फ गेंदबाज ही मेरा विकेट ले सकता है। वे ही क्लीन बोल्ड कर सकते हैं। कोई और नही।’
सयाली संजीव को 2016 में जी मराठी का बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था। सयाली ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं थीं। उन तस्वीरों में वह सोफे पर बैठी हुई थीं। रुतुराज गायकवाड़ ने एक्ट्रेस के पोस्ट पर लिखा, ‘Woahh.’
सयाली संजीव ने रुतुराज गायकवाड़ को जवाब देते हुए दिल वाली 3 इमोजी पोस्ट की थीं। इसके बाद लोगों को दोनों को लेकर अटकलें लगाने का मौका मिल गया। इसके बाद ही दोनों के बीच अफेयर की चर्चाओं को तूल मिला था।
रुतुराज गायकवाड़ आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। वह रॉबिन उथप्पा के बाद दूसरे ऐसे औरेंज कैप विजेता हैं, जिनकी टीम चैंपियन बनी है। रॉबिन उथप्पा ने 2014 में ऑरेंज कैप हासिल करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) को चैंपियन बनाया था।