Virat Kohli vs Gautam Gambhir: आईपीएल 2023 में स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के बीच हुआ झगड़ा काफी समय तक खबरों में छाया रहा था। आरसीबी और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए मुकाबले के बीच दोनों की बहस हुई थी जिसका कारण थे अफगानिस्तानी गेंदबाज नवीन उल हक। गंभीर ने अब जाकर पहली बार इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने बताया कि आखिर जो कुछ मैदान पर हुआ उसके पीछे की क्या वजह थी।

गंभीर की नजर में सही थे नवीन उल हक

गंभीर ने उस झगड़े के बारे में बात करते हुए कहा कि उनके मुताबिक नवीन उल हक सही थे। गंभीर ने न्यूज 18 से कहा, ‘नवीन सही था तो मैंने उसका साथ दिया। बात सिर्फ नवीन उल हक की नहीं है, जो भी सही होगा मैं उसका साथ दूंगा और यह मैं मरते दम तक करूंगा।”नवीन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं और गंभीर इसी टीम के मेंटॉर हैं। नवीन उल हक और विराट कोहली के बीच हुई बहस के बाद गंभीर भी कोहली से भिड़ गए थे। मैदान पर दोनों की बहस के बाद उनपर फाइनल लगाया गया था।

मैदान की बातें मैदान पर ही रहती हैं

गंभीर ने आगे कहा कि वह इस तरह के झगड़ों को मैदान पर ही खत्म कर देते हैं। उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट के मैदान में बहुत बार मेरे झगड़े हुए हैं लेकिन जैसा उस दिन हुआ वैसा पहले नहीं हुआ था। हालांकि मैंने हमेशा ये कोशिश की है कि ये लड़ाई-झगड़ा सिर्फ मैदान तक ही सीमित रहे। बहस दो लोगों के बीच हुई थी और इसे क्रिकेट के मैदान तक ही सीमित होना चाहिए और बाहर नहीं जाना चाहिए। बहुत से लोगों ने काफी चीजें कहीं। कई सारे इंटरव्यू की भी मांग हुई ताकि उनकी टीआरपी आ सके। मुझसे कहा गया कि मैं चीजों को साफ करुं लेकिन मुझे ये करने की जरूरत नहीं है।’

धोनी और विराट के साथ हैं गंभीर के सहज रिश्ते

गंभीर ने यहां विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘मैदान पर हम सब जीतने के इरादे से उतरते हैं और इसलिए कई बार ऐसी स्थितियां बन जाती हैं. इसका मतलब यह नहीं है कि मैदान के बाहर भी हम उसी तरह से रहते हैं. मेरे धोनी और विराट दोनों के साथ रिश्ते एक जैसे हैं और हम आपस में बहुत सहज हैं.’