इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइची लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गौतम गंभीर की राहें जुदा नहीं होने वाली हैं। वह फ्रेंचाइजी के मेंटर बने रहेंगे,लेकिन 2024 में ब्रेक ले सकते हैं। बीते दिनों फ्रेंचाइजी ने एंडी फ्लावर की जगह जस्टिन लैंगर को कोच बनाया था। फिर टीम इंडिया के पूर्व चयनतर्ता एमएसके प्रसाद टीम से जुड़े। इसके बाद खबरें आईं कि गौतम गंभीर और लखनऊ सुपर जायंट्स की राहें जुदा हो सकती हैं। अब रिपोर्ट सामने आई है कि राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण गंभीर एक साल का ब्रेक ले सकते हैं।
न्यूज 18 क्रिकेट नेक्स्ट ने मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र के हवाले से बताया, “हां, गौतम गंभीर राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण अगले आईपीएल से ब्रेक ले सकते हैं। वह किसी अन्य टीम से जुड़ने नहीं जा रहे हैं या फ्रेंचाइजी नहीं छोड़ रहे हैं। वह अपना पूरा ध्यान 2024 लोकसभा चुनाव पर लगाना चाहते हैं।”
गौतम गंभीर ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजनीति में कदम रखा
बता दें कि टीम इंडिया के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजनीति में कदम रखा और भारतीय जनता पार्टी (BJP)में शामिल हो गए। वह 2019 लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से सांसद चुने गए। सूत्र ने कहा, “गौतम दिल्ली में बीजेपी के लिए बड़ा चेहरा हैं और अन्य जगहों पर भी उनकी काफी लोकप्रियता है। इसलिए वह अगले साल चुनाव में सक्रिय रहेंगे और आईपीएल को समय नहीं दे पाएंगे।”
लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आईपीएल की नई फ्रेंचाइजी है। उसके पास आईपीएल 2022 और 2023 का अनुभव है। केएल राहुल टीम के कप्तान हैं। आईपीएल 2022 में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम प्लेऑफ में पहुंची थी। 2023 में भी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और प्लेऑफ में पहुंची। राहुल चोट लगने के कारण बीच सीजन से बाहर हो गए। क्रुणाल पांड्या ने टीम की कमान संभाली।
