इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच रविवार (23 जुलाई) को एमर्जिंग एशिया कप 2023 के फाइनल में साई सुदर्शन के आउट होने से विवाद खड़ा हो गया। भारतीय टीम की पारी के 9वें ओवर में अरशद इकबाल की गेंद पर सुदर्शन ने विकेटकीपर मोहम्मद हारिस को कैच थमाया। अरशद इकबाल के शॉर्ट पिच गेंद पर साई सुदर्शन ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद हवा में चली गई और विकेटकीपर मोहम्मद हारिस ने कैच पकड़ा।
मैदानी अंपायरों ने इंडिया ए के ओपनर बल्लेबाज साई सुदर्शन को फ्रंटफुट नोबॉल जांचने के लिए पवेलियन जाने से रोक दिया। टीवी रीप्ले में मामला काफी करीबी लग रहा था। ऐसा लग रहा था कि अरशद का पैर लाइन से आगे लैंड हुआ। हालांकि, थर्ड अंपायर को ऐसा नहीं लगा। उन्होंने गेंदबाज के पक्ष में फैसला सुनाया और सुदर्शन को आउट करार दिया। साई सुदर्शन का विकेट काफी अहम था। वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान ए के खिलाफ लीग स्टेज में शतक जड़ा था।
पढ़ें इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच एमर्जिंग एशिया कप 2023 से जुड़े अपडेट्स
भारत के लिए साई सुदर्शन काफी अहम खिलाड़ी थे
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 353 रन के लक्ष्य को चेज करते हुए भारत के लिए साई सुदर्शन काफी अहम खिलाड़ी थे। वह 28 गेंद पर 29 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया को पहला झटका 9वें ओवर में लगा। तब टीम इंडिया का स्कोर 64 रन था। यश ढुल ने खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया।
तैयब ताहिर ने 71 गेंद में 108 रन बनाए
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 352 रन बनाए। पाकिस्तान ए की ओर से तैयब ताहिर ने 71 गेंद में 108 रन की आक्रामक पारी खेली। ओपनर बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 65 और सईम आयूब ने 59 रन का योगदान दिया। भारत ए के लिए राजवर्धन हंगरगेकर और रियान पराग ने दो-दो विकेट लिए।