पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल ने अपने बर्थडे पर धमाका किया। उन्होंने आईपीएल 2021 के 11वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाया। राहुल ने रविवार (18 अप्रैल) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 61 रनों की पारी खेली। अपनी पारी के दौरान पंजाब के कप्तान चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर ली। वहीं, उन्होंने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया।

राहुल 51 गेंद पर 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। राहुल ने एक छोर को संभाले रखा और पंजाब किंग्स की पारी को आगे बढ़ाया। राहुल का आईपीएल में यह 23वां अर्धशतक था। उन्होंने सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में धोनी की बराबरी कर ली। चेन्नई के कप्तान ने 206 मैच की 183 पारियों में 23 अर्धशतक लगाए हैं। इस मामले में इनदोनों से आगे 10 खिलाड़ी हैं। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर के नाम हैं। उन्होंने 145 मैचों की 145 पारियों में 49 अर्धशतक लगाए हैं।

राहुल आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में युवराज सिंह से आगे निकल गए हैं। उनके 84 मैचों में 2804 रन हो गए हैं। इस दौरान 75 पारियों में उनका औसत 45.22 और स्ट्राइक रेट 136.31 का है। उन्होंने 2 शतक भी लगाए हैं। युवराज ने 132 मैचों की 126 पारियों में 24.77 की औसत से 2750 रन बनाए थे। युवी ने 13 अर्धशतक जड़े थे। राहुल सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 20वें स्थान पर पहुंच गए। आईपीएल में विराट कोहली के नाम सबसे ज्यादा 5949 रन हैं।

पंजाब ने दिल्ली के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। टीम के लिए राहुल के अलावा मयंक अग्रवाल ने 69 रन बनाए। मयंक ने 36 गेंद की पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। क्रिस गेल 11 और निकोलस पूरन 9 रन बनाकर आउट हुए। दीपक हुड्डा 13 गेंद पर 2 छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे शाहरुख खान ने क्रिस वोक्स को 15 रन मारे। उन्होंने 5 गेंद पर 2 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 15 रन बनाए।