Prithvi Shaw Selfie Controversy: दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। मैदान पर उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे और मैदान के बाहर विवाद हैं कि खत्म होने का नाम नहीं ले रहे। आईपीएल से पहले पृथ्वी शॉ कथित तौर पर सेल्फी नहीं देने के चक्कर में बड़े विवाद में फंस गए थे। इसी के चलते अब उन्हें बॉम्बे कोर्ट से नोटिस मिला है।
सपना गिल ने कोर्ट में दायर की याचिका
पृथ्वी शॉ ने इंफ्लूएंसर सपना गिल के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी जिसकी सुनवाई गुरुवार को होनी थी। सुनवाई से पहले सपना ने बॉम्बे हाई कोर्ट में खुद के खिलाफ हुई FIR को खारिज करने की याचिका डाली। सपना के खिलाफ ये शिकायत मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में की गई थी। सपना की याचिका के बाद पृथ्वी शॉ समेत 11 लोगों को नोटिस भेजा गया है। इनमें पुलिस अधिकारी और शॉ के करीबी दोस्त शामिल हैं।
सेल्फी न देकर मुश्किल में फंस गए थे पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के साथ सेल्फी से इनकार कर दिया जिसके बाद उनकी सपना गिल और उसके दोस्त के साथ कहासुनी हुई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें शॉ के साथ हाथापाई होते देखा जा सकता है। इसके बाद शॉ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। गिल के वकील अपनी क्लाइंट को बेकसूर बताते हुए कहा था कि सपना ने शॉ से केवल सेल्फी लेने का अनुरोध किया था।उन्होंने आरोप लगाया कि शॉ उस समय शराब के नशे में थे और उन्होंने हाथापाई की और लकड़ी के बैट से सपना पर हमला किया।
IPL में नहीं चल रहा शॉ का बल्ला
शॉ के लिए आईपीएल 2023 भी खास नहीं रहा है। उन्होंने अब तक चार मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने केवल 34 रन बनाए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने 12 रन बनाए, गुजरात के खिलाफ सात रन। राजस्थान के खिलाफ वो खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी वो केवल 15 ही बना पाए।