आईपीएल 2022 में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा खास जूता पहनकर मैदान पर उतरे। उन्होंने इसकी मदद से ‘प्लास्टिक वेस्ट खत्म करने’ और ‘समुद्री जीवन बचाने’ का संदेश दिया। रोहित का आज जन्मदिन है और वे 35 साल के हो गए हैं। वह पहले भी ऐसे जूते पहनकर पर्यावरण संंबंधी अभियान का समर्थन कर चुके हैं।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में अपने जन्मदिन रोहित ने विशेष रूप से डिजाइन किए गए जूते पहनकर मैदान पर उतरे। इसमें कछुए को समुद्र के पानी में तैरते हुए दिखाया गया है, जिस पर ‘एंड प्लास्टिक वेस्ट’ लिखा है। यह तीसरी बार है जब रोहित ने आईपीएल के मौजूदा 15वें सीजन में इस अभियान का समर्थन किया है।

इससे पहले अपने इंस्टाग्राम पर रोहित ने जूते की तस्वीरें पोस्ट कीं और मैसेज लिखा, “महासागर मेरी पसंदीदा जगह है। ऐसी जगह कोई और नहीं है और इसे संरक्षित किया जाना चाहिए। इसके लिए सबसे बड़ा खतरा प्लास्टिक है! यह है हमारे महासागरों को प्रदूषित कर रहा है और इससे केवल समुद्री जीवन प्रभावित नहीं हुआ है। हमारी भलाई हमारे महासागरों पर निर्भर है। महासागर नहीं होंगे, तो मानव जीवन भी नहीं होगा। इसके बचाव के लिए समुद्र में कचरा न फेंककर और अपने आसपास के लोगों को ऐसा करने से रोककर सबसे छोटा और सबसे प्रभावी कदम उठा सकते हैं।”

रोहित ने एडिडास के साथ मिलकर महासागरों को साफ करने का संकल्प लिया है। रोहित ने लिखा, “@adidasIndia के साथ हम सस्टेनेबल प्लेनेट के लिए काम करेंगे। इस साल के आईपीएल में मेरे हर रन पर @adidasIndia मुंबई के समुद्र तटों से 10 प्लास्टिक की बोतलें उठाएगा।” रोहित मैदान के अंदर और बाहर इस उद्देश्य के लिए समर्पित रहे हैं और आईपीएल के पिछले सत्रों में भी पर्यावरण से जुड़े अभियान को बढ़ावा देते हुए देखे गए हैं।

जोस बटलर के आक्रामक अर्धशतक की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में छह विकेट पर 158 रन बनाए । शानदार फॉर्म में चल रहे बटलर ने 52 गेंद में पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। मुंबई के लिए ऋतिक शौकीन और रिले मेरेडिथ ने दो दो विकेट लिए।