इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बल्ला आग उगल रहा है। मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी और उनकी टीम का जलवा बरकरार है। इस सीजन में अभी तक अंकतालिका में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम सबसे ऊपर है। टीम ने अब तक आठ मुकाबलों में से छह में जीत हासिल की है। एक खास बात यह है कि इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी बिल्कुल ही अलग अंदाज में खेलते नजर आ रहे हैं। 36 साल के इस खिलाड़ी ने अपने धुंआधार बल्लेबाजी के दम पर अब तक कई सारे रिकॉर्ड्स बना लिये हैं।
यह हैं आंकड़ें: मैदान पर पहला छक्का लगाने के लिए धोनी सिर्फ आठ गेंदों का सामना कर रहे हैं। यानी इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी अधिकतम आठ गेंदों के अंदर अपना पहला छक्का जरूर मार रहे हैं। आईपीएल में सबसे कम गेंदों में छक्का लगाने का उनका यह रिकॉर्ड है। आईपीएल 2010 औऱ 2011 में वो अपना पहला छक्का लगाने के लिए 10 गेंदों का सामना करते थे। इस सीजन में धोनी अपना पहली चौंका भी बहुत जल्दी लगा रहे हैं। मैदान पर आने के बाद महज 4 गेंदों के अंदर-अंदर धोनी अपना पहला चौका भी जड़ रहे हैं। यह भी आईपीएल में सबसे कम समय में बाउंड्री लगाने का उनका रिकॉर्ड है। इससे पहले सनराइजर्स पुणे की तरफ से खेलते हुए एक सीजन में धोनी पहली चौका लगाने के लिए छह गेंदों का सामना करते थे जबकि दूसरे सीजन में आठ गेंदों का सामना करने के बाद वो पहला बाउंड्री लगा पाते थे।
रिकॉर्ड्स गवाह है कि इस सीजन में धोनी की बल्लेबाजी में काफी बदलाव आया है। अब तक करीब सभी टीमों के गेंदबाजों के खिलाफ धोनी का बल्ला मैदान पर गरजा है। धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अब तक 20 छक्के लगाए हैं। धोनी के छक्के भी मैदान पर दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे हैं। हालांकि यह भी सच है कि 162 आईपीएल मैच खेल चुके महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक इस फॉरमेट मे एक भी शतक नहीं लगाया है। इस सीजन में अब तक उनका सर्वोच्च स्कोर 79 रनों का रहा है जो उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ बनाए हैं।