इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के मेगा ऑक्शन (Mega Auction) से पहले मुंबई इंडियंस (MI) के कोचिंग स्टाफ को लेकर बड़ी खबर आई है। भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस माहम्ब्रे इसका हिस्सा बन सकते हैं। वह राहुल द्रविड़ की अगुआई वाली भारतीय कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं, जिसका कार्यकाल टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के साथ समाप्त हो गया।
आईपीएल मेगा ऑक्शन के वेन्यू को लेकर भी अपडेट सामने आया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के अलावा सिंगापुर में ऑक्शन कराने पर विचार किया जा रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का मेगा ऑक्शन नवंबर के अंत में हो सकता है। इससे पहले 31 अक्टूबर तक फ्रेंचाइजियों को रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करनी है।
मुंबई इंडियंस के साथ पहले काम कर चुके हैं पारस म्हाम्ब्रे
राहुल द्रविड़ की कोचिंग स्टाफ में बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ थे। गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे थे। फील्डिंग कोच टी दीलिप थे। राजस्थान रॉयल्स से द्रविड़ और राठौड़ जुड़ गए हैं। टी दीलिप बतौर फील्डिंग कोच भारतीय टीम के साथ जुड़े हुए हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस से पारस म्हाम्ब्रे जुड़ने को तैयार है। वह इस फ्रेंचाइजी के साथ पहले काम कर चुके हैं। इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है, लेकिन भारत के पूर्व बॉलिंग कोच 5 बार की चैंपियन फ्रेंचाइजी से जुड़ने वाले हैं।
आईपीएल नीलामी के लिए सिंगापुर पर भी विचार कर रहा बीसीसीआई
बीसीसीआई नवंबर के अंत में होने वाली आईपीएल नीलामी के लिए सिंगापुर को संभावित वेन्यू के रूप में देख रहा है। सऊदी अरब के एक शहर पर भी विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई और आईपीएल अधिकारी वर्तमान में अपने विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। जल्द ही इसकी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।