India vs West Indies: वॉशिंगटन सुंदर ने छक्का लगाकर भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच में 4 विकेट से जीत दिला दी। 96 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेल्डन कॉटरेल ने पहला झटका दिया। शिखर धवन को महज एक के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर कॉटरेल ने वेस्टइंडीज को बड़ी सफलता दिलाई। रोहित शर्मा 25 गेंदों में 24 रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर किरोन पोलार्ड को कैच थमा बैठे। पोलार्ड ने मिडऑन पर उनका शानदार कैच पकड़ा। इसकी अगली ही गेंद पर पंत भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद मनीष पांडे ने कुछ हद तक पारी को संभालने की कोशिश की। कीमो पॉल की गेंद को पढ़ने में पांडे भूल कर बैठे और 19 के स्कोर पर बोल्ड हो गए।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज 95 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत खराब रही। वॉशिंगटन सुंदर ने पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर जॉन कैंपबेल को पवेलियन भेजा। जॉन कैंपबेल खाता खोले बिना क्रुणाल पंड्या को कैच थमा बैठे। कैंपबेल के आउट होने के अगले ही ओवर में लुईस भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए। अपना पहला मैच खेल रहे नवदीप सैनी ने पहले ही ओवर में दो गेंदों पर दो विकेट झटका। सैनी ने पहले पूरन को पंत के हाथों कैच आउट कराया। फिर सैनी की गेंद पर हेटमायर बोल्ड हो गए।

नवदीप सैनी के बाद खलील अहमद ने भी रोवमैन पॉवेल का विकेट झटका। रोवमैन पॉवेल 4 के स्कोर पर ऋषभ पंत को अपना कैच थमा बैठे। पोलार्ड और ब्रैथवेट के बीच 34 रनों की साझेदारी को क्रुणाल पंड्या ने तोड़ने का काम किया। पंड्या ने ब्रैथवेट को 9 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।

 

Live Blog

23:00 (IST)03 Aug 2019
भारत को पांचवां झटका

विराट कोहली संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कॉटरेल की गेंद पर उनसे भूल हुई और वह कैच आउट हो गए। भारत को कप्तान के रूप में बड़ा झटका लगा है।

22:51 (IST)03 Aug 2019
पांडे आउट

मनीष पांडे के रूप में भारत को चौथा झटका लगा है। भारत को मैच जीतने के लिए 42 गेंदों में 28 रनों की जरूरत है। कप्तान विराट कोहली 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

22:41 (IST)03 Aug 2019
फॉर्म में पांडे

मनीष पांडे तेज गति से बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांडे 12 गेंदों में 17 के स्कोर पर पहुंच गए हैं। अपनी पारी के दौरान उन्होंने दो चौके जड़ने का काम भी किया।

22:33 (IST)03 Aug 2019
साझेदारी बनाने की कोशिश में विराट और पांडे

ऋषभ पंत के आउट होने के बाद मनीष पांडे और विराट कोहली टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों ही बल्लेबाजों ने 16 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

22:21 (IST)03 Aug 2019
रोहित-पंत लौटे पवेलियन

रोहित शर्मा के आउट होने के अगले ही गेंद पर ऋषभ पंत भी पवेलियन लौटे। पंत कॉटरेल को कैच दे बैठे। भारत ने दो गेंदों पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए हैं।

22:11 (IST)03 Aug 2019
रोहित ने जड़ा चौका

सुनील नरेन गेंदबाजी करने आए। 49 मैचों में 50 विकेट झटक चुके नरेन से टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी। नरेन की गेंद पर रोहित शर्मा ने शानदार कट लगाया।

22:05 (IST)03 Aug 2019
रोहित ने जड़ा छक्का

रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी को कॉटरेल ने तोड़ा। अगले ही ओवर में थॉमस की गेंद पर रोहित ने जोरदार छक्का लगाया।

21:55 (IST)03 Aug 2019
विंडीज को विकेट की तलाश

रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भारत को धीमी शुरुआत दी। दोनों ही बल्लेबाज किसी तरह की जल्दी नहीं कर रहे। वेस्टइंडीज को विकेट की तलाश है।

21:26 (IST)03 Aug 2019
अर्धशतक के करीब पोलार्ड

भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर पोलार्ड ने छक्का लगाया। पोलार्ड अपनी पारी में 4 छक्के जड़ चुके हैं। इसके साथ ही वह 49 पर पहुंच गए हैं।

21:19 (IST)03 Aug 2019
35 पर खेल रहे पोलार्ड

भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर किरोन पोलार्ड ने शानदार चौका लगाया। पोलार्ड इस चौके की मदद से 35 के स्कोर पर पहुंच गए हैं। इस पारी के दौरान पोलार्ड के बल्ले से दो चौके और दो छक्के भी निकले हैं।

21:10 (IST)03 Aug 2019
ब्रैथवेट आउट

क्रुणाल पंड्या ने ब्रैथवेट को आउट कर वेस्टइइंडीज की मुश्किलें को बढ़ाने का काम किया। ब्रैथवेट 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

21:00 (IST)03 Aug 2019
पोलार्ड ने जड़ा छक्का

वेस्टइंडीज के टॉप ऑर्डर आउट होने के बाद टीम की मुश्किलें बढ़ती चली गई। पोलार्ड एक छोर से रन बना रहे हैं। पोलार्ड ने पंड्या की गेंद पर जोरदार छक्का लगाया।

20:49 (IST)03 Aug 2019
पोलार्ड और ब्रैथवेट से उम्मीदें

पोलार्ड और ब्रैथवेट टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों ही खिलाड़ियों की कोशिश टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की होगी।

20:39 (IST)03 Aug 2019
भारतीय गेंदबाजों का कहर

नवदीप सैनी ने अपने पहले ही ओवर में निकोलस पूरन और शिमरोन हेटमायर को आउट कर विंडीज को मुश्किल में डाल दिया। इसके अगले ही ओवर में खलील अहमद को भी सफलता मिली।

20:28 (IST)03 Aug 2019
20 रन बनाकर पूरन आउट

पूरन वेस्टइंडीज के लिए अच्छा खेल रहे थे, लेकिन अपने डेब्यू गेम में नवदीप सैनी ने उन्हें पवेलियन भेजकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। पूरन 20 रन बनाकर आउट।

20:15 (IST)03 Aug 2019
पूरन ने जड़ा छक्का

दो विकेट गिरने के बाद निकलस पूरन और पोलार्ड की कोशिश साझेदारी बनाने की होगी। इसी बीच पूरन ने पारी का पहला छक्का लगाया। वेस्टइंडीज 3 ओवर के बाद 20 रन बना चुकी है। 

20:06 (IST)03 Aug 2019
पहले ओवर से 6 रन

वॉशिंगटन सुंदर की पहली ही गेंद पर जॉन कैंपबेल पंड्या को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। भारत की शानदार शुरुआत। पहले ओवर से 6 रन।

19:46 (IST)03 Aug 2019
केएल राहुल, अय्यर बाहर

भारतीय टीम ने राहुल चहर और दीपक चहर को जगह नहीं दी है। इसके अलावा केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है।

19:39 (IST)03 Aug 2019
भारत की पहले गेंदबाजी

भारत के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। पहले माना जा रहा था कि विराट कोहली बल्लेबाजी करेंगे, लेकिन मौसम को देखते हुए उन्होंने गेंदबाजी का फैसला लिया है।