साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में बतौर कप्तान कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी विराट कोहली और वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। वह टी-20 में टीम इंडिया की अगुवाई करने वाले आठवें कप्तान हैं।
टी-20 में टीम इंडिया की कप्तानी सबसे पहले वीरेंद्र सहवाग ने साल 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही की थी। इसके बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में एमएस धोनी (2007-2016), सुरेश रैना (2010-2011), अजिंक्य रहाणे (2015), विराट कोहली (2017-2021), रोहित शर्मा (2017-वर्तमान), शिखर धवन (2021) और ऋषभ पंत (2022)* ने अबतक मैन इन ब्लू की अगुवाई की है।
टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले चौथे विकेटकीपर- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले चौथे विकेटकीपर हैं। उनसे पहले सैयद किरमानी, राहुल द्रविड़ और एमएस धोनी बतौर विकेटकीपर टीम की कमान संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह टीम इंडिया की अगुवाई करने वाले सबसे युवा विकेटकीपर हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को इस मामले में पीछे छोड़ा, जिन्होंने 26 साल की उम्र में साल 2007 में टीम का नेतृत्व किया था। वहीं राहुल द्रविड़ ने 29 साल में टीम की कमान संभाली थी।
रैना का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके – ऋषभ पंत टीम इंडिया की अगुवाई करने वाले दूसरे सबसे युवा क्रिकेटर हैं। इस मामले में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत अन्य क्रिकेटरों को पीछे छोड़ दिया। वह सुरेश रैना को पीछे नहीं छोड़ सके। रैना ने 23 साल की उम्र में टीम की अगुवाई की थी। धोनी ने 26 साल की उम्र में टीम की अगुवाई की थी।
इशान किशन की शानदार पारी – टीम इंडिया ने पहले टी-20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए। साउथ अफ्रीका को 212 रनों का टारगेट दिया। इशान किशन ने शानदार 48 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली। वह टी-20 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने कोहली को पीछे छोड़ा। नंबर एक पर रोहित हैं। इसके बाद रैना और मनीष पांडे का नाम है।