इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 30वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 13 रन से हरा दिया। दिल्ली की इस जीत में शिखर धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा इस मैच से आईपीएल डेब्यू करने वाले तुषार देशपांडे ने भी अहम भूमिका निभाई। तुषार ने 37 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होने मैच की आखिरी गेंद पर श्रेयस गोपाल को आउट किया।
इससे दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 161 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन ही बना पाई। उसने आखिरी 3 विकेट पर 15 गेंद में महज 13 रन के भीतर गंवाए।
दिल्ली की ओर से शिखर धवन और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए। धवन ने 30 और अय्यर ने 40 गेंद में फिफ्टी ठोकी। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 19 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा जयदेव उनादकट ने 32 गेंद पर 2 विकेट लिए। ये दोनों उन्होंने 20वें ओवर में लिए। कार्तिक त्यागी और श्रेयस गोपाल भी क्रमशः 30 और 31 रन देकर एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
[ie_ipl_scorecard match_id=47967]
दिल्ली और राजस्थान के बीच आईपीएल में अब तक 22 मैच खेले गए हैं। इनमें से दोनों ने ही 11-11 मैच में जीत हासिल की है। हालांकि, 11 अप्रैल 2018 को जयपुर में 10 रन की जीत (डीएलएस मैथेड के आधार पर) को छोड़ दें तो राजस्थान की टीम पिछले 2 साल में एक बार भी दिल्ली कैपिटल्स को हरा नहीं पाई है। दिल्ली इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई। वहीं राजस्थान रॉयल्स 7वें नंबर पर ही बनी हुई है।


18 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 6 विकेट पर 137 रन है। उसे जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में 25 रन चाहिए। राहुल तेवतिया और जोफ्रा आर्चर क्रीज पर हैं। राहुल तेवतिया 13 गेंद में 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। उथप्पा 27 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और एक छक्का लगाया। उथप्पा की जगह जोफ्रा आर्चर आए। उथप्पा को एनरिक नोर्त्जे ने बोल्ड किया।
मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। 16 ओवरों का खेल खत्म हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 5 विकेट पर 125 रन है। उसे जीत के लिए 24 गेंद में 37 रन चाहिए। रॉबिन उथप्पा 22 गेंद में 29 और राहुल तेवतिया 7 गेंद में 3 रन बनाकर खेल रहे हैं। अक्षर पटेल ने 16वें में सिर्फ 2 रन दिए।
14 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। उसके खाते में अभी 115 रन ही जुड़े हैं। उसे जीत के लिए 36 गेंद में 47 रन बनाने हैं। क्रीज पर राहुल तेवतिया और रॉबिन उथप्पा हैं। 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए।
11 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 3 विकेट पर 95 रन है। 11वां ओवर तुषार देशपांडे लेकर आए। इस ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने बेन स्टोक्स को सब्सिट्यूट ललित यादव के हाथों कैच कराया। तुषार का आईपीएल में यह पहला विकेट है। स्टोक्स 6 चौके की मदद से 35 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। स्टोक्स की जगह रॉबिन उथप्पा क्रीज पर आए हैं।
नौ ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 2 विकेट पर 81 रन है। बेन स्टोक्स 30 गेंद में 39 और संजू सैमसन 11 गेंद में 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। स्टोक्स अब तक 5 चौके लगा चुके हैं। दोनों तीसरे विकेट के लिए 30 गेंद में 41 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
पावर प्ले यानी 6 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 2 विकेट पर 50 रन है। संजू सैमसन 2 गेंद में 2 और बेन स्टोक्स 21 गेंद में 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। स्टोक्स अब तक 4 चौके लगा चुके हैं। दिल्ली की ओर से नोर्त्जे और अश्विन ने 1-1 विकेट लिए हैं।
राजस्थान रॉयल्स की शानदार शुरुआत हुई। जोस बटलर और बेन स्टोक्स ने 17 गेंद में 37 रन जोड़े। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर एनरिक नोर्त्जे ने जोस बटलर को बोल्ड कर दिया। बटलर 9 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। चौथा ओवर रविचंद्रन अश्विन लेकर आए। उन्होंने आखिरी गेंद स्टीव स्मिथ का महत्वपूर्ण विकेट लिया। उन्होंने स्मिथ को अपनी ही गेंद पर लपका। स्मिथ 4 गेंद में एक रन बनाकर पवेलियन लौटे।
19 ओवरों का खेल हो चुका है। दिल्ली कैपिटल्स ने 5 विकेट पर 153 रन बना लिए हैं। एलेक्स कैरी 11 गेंद पर 13 रन बनाए हैं। मार्कस स्टोइनिस 19 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 18 गेंद में 21 रन बनाए। स्टोइनिस को जोफ्रा आर्चर ने राहुल तेवतिया के हाथों कैच कराया। स्टोइनिस की जगह अक्षर पटेल क्रीज पर आए।
15वां ओवर जयदेव उनादकट ने फेंका। उनके इस ओवर में श्रेयस अय्यर ने 2 छक्के जड़े। अय्यर ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ अपना अर्धशतक पूरा किया। पहले ऐसा लगा कि इस गेंद पर बेन स्टोक्स ने बाउंड्री पर उनका कैच पकड़ लिया। हालांकि, टीवी रिप्ले में दिखा कि गेंद को बाउंड्री के बाहर फेंकने से पहले उनका पर जमीन को छू गया था। वह एक हैरतअंगेज कैच लेने से चूक गए। 16वें ओवर में श्रेयस अय्यर आउट हो गए। कार्तिक त्यागी की गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने उन्हें लपक लिया। अय्यर 43 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुए। अय्यर की जगह एलेक्स कैरी क्रीज पर आए हैं।
12वां ओवर लेकर श्रेयस गोपाल लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर ही शिखर धवन ने छक्का जड़ दिया। हालांकि, चौथी गेंद पर वह रिवर्स स्वीप के जरिए चौका जड़ने के चक्कर में कैच आउट हो गए। उन्हें शॉर्ट थर्ड मैन पर कार्तिक त्यागी ने लपका। शिखर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 33 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए।
11वां ओवर राहुल तेवतिया लेकर आए। शिखर धवन ने तीसरी गेंद पर चौका लगाया। अगली गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर अपना स्कोर 49 रन पहुंचा दिया। पांचवीं गेंद पर श्रेयस अय्यर ने एक रन लेकर स्ट्राइक फिर धवन को दी। धवन ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पिछले मैच में भी अर्धशतक लगाया था।
8 ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 61 रन है। शिखर धवन ने 20 गेंद में 38 रन बनाए हैं। श्रेयस अय्यर 19 गेंद में 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। राहुल तेवतिया ने 8वां ओवर फेंका। इस ओवर की आखिरी गेंद पर शिखर धवन ने चौका जड़ा। तेवतिया के इस ओवर में दिल्ली ने 9 रन बनाए।
6 ओवरों यानी पावर प्ले का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 47 रन है। शिखर धवन तेज बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश कर रहे हैं। वह 15 गेंद में 30 रन बना चुके हैं। श्रेयस अय्यर ने 12 गेंद में 10 रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज 22 गेंद में 37 रन जोड़ चुके हैं।
जोफ्रा आर्चर का कहर जारी है। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में अपने और राजस्थान के लिए दूसरी सफलता हासिल की। जोफ्रा ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर अजिंक्य रहाणे को रॉबिन उथप्पा के हाथों कैच कराया। रहाणे 9 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए।
दूसरा ओवर में जयदेव उनादकट ने फेंका। ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर रहाणे ने स्ट्राइक शिखर धवन को दे दी। धवन अगली 2 गेंदों में कोई रन नहीं बना पाए। हालांकि, ओवर की पांचवीं गेंद को मिड-विकेट की ओर खेलकर उन्होंने 2 रन लिए। आखिरी गेंद पर धवन ने चौका जड़ दिया। दो ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। जोफ्रा आर्चर राजस्थान रॉयल्स के लिए पहला ओवर लेकर आए। दिल्ली कैपिटल्स को पहली ही गेंद पर झटका लगा। पृथ्वी शॉ जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हो गए। पृथ्वी की जगह अजिंक्य रहाणे क्रीज पर आए। शिखर और रहाणे ने पहले ओवर में कुल 3 रन ही बना पाए।
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर (विकेटकीपर), स्टीव स्मिथ (कप्तान), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, कार्तिक त्यागी, जयदेव उनादकट।
दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरीस (विकेटकीपर), तुषार देशपांडे, अक्षर पटेल, कगिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिक नोर्त्जे।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 30वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने अपना आखिरी मैच 11 अक्टूबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। उस मैच में दिल्ली को 5 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। वहीं, राजस्थान ने अपना आखिरी मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 11 अक्टूबर को ही खेला था। तब उसने 5 विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, अंक तालिका में दिल्ली दूसरे और राजस्थान 7वें नंबर पर है।