भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा को बुधवार 21 अगस्त 2024 की रात मुंबई में आयोजित ‘सीएट क्रिकेट रेटिंग अवार्ड्स 2023-24’ में ‘मेन्स इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ चुना गया, वहीं पूर्व हैड कोच राहुल द्रविड़ को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ से नवाजा गया।
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को इस समारोह में ‘मेन्स ODI बैटर ऑफ द ईयर’ चुना गया, वहीं 2023 के क्रिकेट विश्वकप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी को ‘ODI बॉलर ऑफ द ईयर’ घोषित किया गया।
इस समारोह में यशस्वी जायसवाल को ‘मेन्स टेस्ट बैटर ऑफ द ईयर’ और रविचंद्रन अश्विन को ‘मेन्स टेस्ट बॉलर ऑफ द ईयर’ घोषित किया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह को उत्कृष्ट खेल प्रशासन के लिए सम्मानित किया गया। जय शाह ने कहा कि भारतीय टीम भविष्य में और ट्रॉफी हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
रोहित शर्मा ने जय शाह, राहुल द्रविड़ और अजित अगरकर को अपने ‘3 स्तंभ’ बताया
रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़, सीनियर सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजित अगरकर और जय शाह को अपने तीन स्तंभ करार दिए। उन्होंने तीनों का आभार जताया। रोहित शर्मा ने कहा, ‘इस टीम को बदलना और आंकड़ों, नतीजों के बारे में ज्यादा चिंता नहीं करना। यह सुनिश्चित करना मेरा सपना था कि हम ऐसा माहौल बनाएं जहां लोग मैदान पर जाकर ज्यादा सोचे बिना खुलकर खेल सकें। इसे लेकर मुझे अपने तीन स्तंभों से बहुत मदद मिली। मेरे तीन स्तंभ जय शाह, राहुल द्रविड़ और अजित अगरकर हैं।’
यह है विजेताओं की पूरी सूची
| क्रम संख्या | पुरस्कार | विजेता |
| 1 | लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड | राहुल द्रविड़ |
| 2 | पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर | रोहित शर्मा |
| 3 | पुरुष वनडे बल्लेबाज ऑफ द ईयर | विराट कोहली |
| 4 | पुरुष वनडे गेंदबाज ऑफ द ईयर | मोहम्मद शमी |
| 5 | पुरुष टेस्ट बल्लेबाज ऑफ द ईयर | यशस्वी जायसवाल |
| 6 | पुरुष टेस्ट गेंदबाज ऑफ द ईयर | रविचंद्रन अश्विन |
| 7 | पुरुष T20I बल्लेबाज ऑफ द ईयर | फिल साल्ट |
| 8 | पुरुष T20I गेंदबाज ऑफ द ईयर | टिम साउदी |
| 9 | घरेलू क्रिकेटर ऑफ द ईयर | साई किशोर |
| 10 | महिला भारतीय बल्लेबाज ऑफ द ईयर | स्मृति मंधाना |
| 11 | महिला भारतीय गेंदबाज ऑफ द ईयर | दीप्ति शर्मा |
| 12 | महिला T20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे अधिक मैच | हरमनप्रीत कौर |
| 13 | आईपीएल में आउटस्टैंडिंग लीडरशिप के लिए पुरस्कार | श्रेयस अय्यर |
| 14 | महिला टेस्ट में सबसे तेज दोहरा शतक के लिए पुरस्कार | शेफाली वर्मा |
| 15 | उत्कृष्ट खेल प्रशासन के लिए पुरस्कार | जय शाह |
