कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2022 30 अगस्त से शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट का फाइनल 30 सितंबर को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा। गुयाना में पहली बार सीपीएल (CPL) का फाइनल खेला जाएगा। सीपीएल 2022 के लिए सभी 6 टीमों ने 4 अप्रैल को रिटेन और साइन किए गए खिलाड़ी की लिस्ट जारी की।
खास यह है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर्स आंद्रे रसेल और सुनील नरेन मुंबई इंडियंस के कीरोन पोलार्ड और सनराइजर्स हैदराबाद के निकोलस पूरन की टीम से खेलेंगे।
इसमें भी रोचक बात यह है कि ये चारों खिलाड़ी सीपीएल 2022 में शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेलेंगे। सीपीएल के इतिहास में यह पहली बार होगा जब आंद्रे रसेल और कीरोन पोलार्ड एक ही फ्रैंचाइजी के लिए खेलेंगे।
हालांकि, वे डैरेन ब्रावो के बिना होंगे, क्योंकि वह सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स में अपने बड़े भाई ड्वेन ब्रावो के साथ जुड़ेंगे। ड्वेन ब्रावो ने पिछले साल अपना पहला खिताब जीता था। ब्रावो बंधु इससे पहले त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए एक साथ खेले थे।
ये है सीपीएल 2022 के लिए रिटेन और साइन किए गए खिलाड़ियों की सूची
टीम | रिटेन किए गए खिलाड़ी | साइन किए गए खिलाड़ी |
त्रिनबागो नाइट राइडर्स | कीरोन पोलार्ड, सुनील नरेन, अकील हुसैन, जायडेन सील्स, टियोन वेबस्टर। | आंद्रे रसेल (जमैका तल्लावाह्स से), निकोलस पूरन (गुयाना अमेजॉन वारियर्स से)। |
सेंट लूसिया किंग्स | रोस्टन चेज, केसरिक विलियम्स, अल्जारी जोसेफ, जेवर रॉयल। | जॉनसन चार्ल्स (बारबाडोस रॉयल्स से), मार्क दयाल (फिर से साइन किए गए)। |
जमैका तल्लावाह्स | रोवमैन पॉवेल, केनार लुईस, शामराह ब्रूक्स। | फैबियन एलन (सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स से), ब्रैंडन किंग्स (गुयाना अमेजॉन वारियर्स से)। |
सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स | ड्वेन ब्रावो, एविन लुईस, शेरफेन रदरफोर्ड, शेल्डन कॉटरेल, डोमिनिक ड्रेक्स। | आंद्रे फ्लेचर (सेंट लूसिया किंग्स से), डैरेन ब्रावो (त्रिनबागो नाइट राइडर्स से)। |
बारबाडोस रॉयल्स | जेसन होल्डर, काइल मेयर्स, हेडन वॉल्श, ओशेन थॉमस, नईम यंग। | ओबेड मैककॉय (सेंट लूसिया किंग्स से), डेवोन थॉमस (सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स से)। |
गुयाना अमेजॉन वारियर्स | शिमरोन हेटमायर, ओडियन स्मिथ, रोमारियो शेफर्ड, चंद्रपॉल हेमराज। | कीमो पॉल (सेंट लूसिया किंग्स से), गुडाकेश मोती (पुनः साइन किए गए)। |
गुयाना अमेजॉन वारियर्स के लिए शिमरोन हेटमायर, ओडियन स्मिथ और रोमारियो शेफर्ड खेलेंगे। आईपीएल 2022 में हेटमायर राजस्थान रॉयल्स, रोमारियो शेफर्ड काव्या मारन के मालिकाना हक वाली सनराइजर्स हैदराबाद और ओडियन स्मिथ प्रीति जिंटा के सह मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।
साल 2022 से महिला सीपीएल की भी शुरुआत हो जाएगी। महिला सीपीएल के उद्घाटन सत्र में तीन टीमें शामिल हैं। महिला सीपीएल का आयोजन भी पुरुषों के सीपीएल के साथ ही होना है। महिला टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली तीन टीमें रॉयल्स, वॉरियर्स और नाइट राइडर्स होंगी।