कोरोनावायरस ने पहली बार भारत में किसी खेल से जुड़े संस्थान या खिलाड़ी या अधिकारी को अपने चपेट में लिया है। हॉकी इंडिया के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद हेड ऑफिस को अगले 14 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। हॉकी इंडिया के मुताबिक, एक कर्मचारी अकाउंट सेक्शन में काम करता है और दूसरा कर्मचारी जूनियर फील्ड ऑफिसर है। दोनों कर्मचारियों को दिल्ली सरकार के निगरानी प्रोटोकॉल के तहत सख्त चिकित्सा निगरानी तहत घर पर ही क्वारेंटाइन किया गया है।

इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) और इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) के प्रेसिडेंट नरेंद्र बत्रा ने नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन से कहा है कि सभी राज्य ओलंपिक संघ और IOA अपने कर्माचारियों की जांच करें। इसमें देरी नहीं होनी चाहिए। बत्रा ने कहा, ‘‘इससे हमें और हमारे एथलीटों सहित सभी हितधारकों को विश्वास दिलाने में मदद मिलेगी। जब तक टेस्ट का रिजल्ट नहीं आ जाता तब तक नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन और राज्य ओलंपिक संघ को र्क फ्रॉम होम का ऑप्शन देना चाहिए।’’

नरेंद्र बत्रा खुद 17 दिन के लिए दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित अपने आवास पर क्वारेंटाइन हो गए हैं। उनके पिता 25 मई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और उन्हें बत्रा हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। हॉकी इंडिया के प्रेसिडेंट मुश्ताक अहमद ने ऑफिस बंद होने की जानकारी दी। फेडरेशन ने शुक्रवार को 31 कर्मचारियों का टेस्ट कराया था। इनमें से 29 कर्मचारियों ने टेस्ट कराया। 25 कर्मचारी टेस्ट में निगेटिव पाए गए। हॉकी इंडिया ने कहा, ‘‘सभी 25 कर्मचारी 14 दिन के लिए होम क्वारेंटाइन होंगे।’’

Online Game खेलने के लिए क्‍लिक करें


हॉकी इंडिया के दो कर्मचारियों ने टेस्ट नहीं कराया है। वे जब तक टेस्ट नहीं करवाएंगे उन्हें ड्यूटी जॉइन नहीं करने दिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 82 हजार 143 संक्रमित हैं। इनमें से 89 हजार 995 का इलाज चल रहा है। 86 हजार 983 ठीक हुए हैं, जबकि 5164 की मौत हो चुकी है।