घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में एक बार फिर वापसी करने की कोशिश में जुटे चेतेश्वर पुजारा ईरानी ट्रॉफी की पहली पारी में फेल रहे। शेष भारत के खिलाफ सौराष्ट्र का यह बल्लेबाज 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गया। पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने उतरे। तब सौराष्ट्र का स्कोर 2.3 ओवर में 2 विकेट पर 4 रन था।

सौराष्ट्र के दोनों ओपनर हार्विक देसाई बगैर खाता खोले और चिराग जानी 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चिराग के आउट होने के बाद समर्थ व्यास का साथ देने चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर आए। पुजारा ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। उन्होंने 4 चौकों की मदद से 81 गेंद पर 29 रन बनाए। उन्हें पुलकित नारंग ने पवेलियन भेजा। पुजारा और व्यास सौराष्ट्र को संभालने की कोशिश में लगे हुए थे।

डब्ल्यूटीसी में हार के बाद चेतेश्वर पुजारा पर गिरी गाज

चेतेश्वर पुजारा 27वें ओवर में पवेलियन लौट गए। तब सौराष्ट्र का स्कोर 51 रन था। शेष भारत ने पहली पारी में 308 रन बनाए। इसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम मुश्किल में दिखाई दे रही है। टीम 124 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी है। चेतेश्वर पुजारा की बात करें तो जून 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) में ऑस्ट्रेलिया से टीम इंडिया की हार के बाद उन पर गाज गिरी थी।

पुजारा पहले भी वापसी कर चुकी हैं

चेतेश्वर पुजारा को टीम से बाहर कर दिया गया। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी जगह टीम में यशस्वी जायसवाल को मौका मिला। जायसवाल ने अच्छी बल्लेबाजी। हालांकि, नंबर 3 पर शुभमन गिल खेले और उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, लेकिन पुजारा की राह आसान नहीं होने वाली है। उन्हें वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाने होंगे। पुजारा से बेहतर इस स्थिति को कोई समझ नहीं सकता। वह पहले भी टीम से बाहर होकर वापसी कर चुके हैं।